शताब्दी समारोह में पहले दिन चार जोड़े प्रणयसूत्र में बंधे
आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय पटौदी का शताब्दी समारोह आज ध्वजारोहण के साथ सादे ढंग से प्रारंभ हो गया।
संवाद सहयोगी, पटौदी: आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय पटौदी का शताब्दी समारोह आज ध्वजारोहण के साथ सादे ढंग से प्रारंभ हो गया। समारोह के पहले अलग-अलग समय में चार कन्याओं का विवाह करवाया गया। ध्वजारोहण प्रेम नाथ गेरा ने किया। इस अवसर महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने कहा कि संस्था ने इस समारोह को बड़े ही धूमधाम से अप्रैल माह में मनाने का निर्णय लिया था व समारोह में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 101 कन्याओं का विवाह करवाया जाना था।
समारोह में दो शंकराचार्यो, सैंकड़ों संत महात्माओं व मुख्यमंत्री सहित कई बड़े राजनेताओं को भी भाग लेना था परन्तु लॉकडाउन के चलते यह कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। इधर जिन युवाओं का विवाह होना था उनके परिजन चाहते थे कि विवाह अब जल्दी सम्पन्न हो जाए। ऐसे में संस्था ने निर्णय लिया कि 24 से 26 जून के बीच अलग-अलग समय में 11 कन्याओं के विवाह आश्रम हरि मंदिर की पटौदी शाखा में ही संपन्न करवा दिए जाएं। उन्होंने बताया कि कुछ कन्याओं के विवाह संस्था की उत्तराखंड स्थित भुरारानी ग्राम की शाखा में तो कुछ के विवाह वृंदावन में, कुछ के विवाह मध्यप्रदेश में व अन्य कन्याओं के विवाह उनके घरों में ही सम्पन्न करवाये जाएंगे तथा आश्रम की तरफ से सम्मान स्वरूप दिया जाने वाला घरेलू जरूरत का सामान उनके घरों पर ही भिजवा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन कन्याओं का विवाह करवाया जा रहा है उनमें से 12 मुस्लिम धर्म, 12 ईसाई धर्म, 3 सिख धर्म व 74 हिन्दू धर्म से संबंधित हैं। इन सभी का विवाह उनके ही रीति रिवाजों के अनुसार करवाया जाएगा। इस मौके पर अभिषेक बांगा व तिलक राज, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष प्रेम सचदेवा, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रभान सहगल, पूर्व उपाध्यक्ष राधे श्याम मक्कड़, अशोक शर्मा, हर भगवान खुराना, प्राचार्य मदन मोहन भट्ट, प्राचार्य परमानंद मोंगिया, अधीक्षक सुरेंद्र धवन, अनिल कालड़ा, विजय शास्त्री, ओम प्रकाश बत्रा, दीवान चंद दुरेजा, सतीश ग्रोवर, रवि गांधी व रोहित यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।