राज्य परिवहन की पहली बस पंचकूला हुई रवाना
लॉकडाउन के दौरान जिले से मंगलवार को हरियाणा राज्य परिवहन की पहली बस पंचकूला के लिए रवाना हुई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: लॉकडाउन के दौरान जिले से मंगलवार को हरियाणा राज्य परिवहन की पहली बस पंचकूला के लिए रवाना हुई। यह बस सुबह आठ बजे गुरुग्राम बस स्टैंड से 28 यात्रियों को लेकर गई। बस में यात्रियों के बीच शारीरिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया है। यह जानकारी हरियाणा राज्य परिवहन गुरुग्राम डिपो की महाप्रबंधक अन्नू श्योकंद ने दी। परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर 29 व्यक्तियों ने गुरुग्राम से पंचकूला जाने के लिए पंजीकरण कराया था। एक व्यक्ति किसी कारणवश नही पहुंच पाया।
हरियाणा सरकार के परिवहन विभाग द्वारा लॉकडाउन के कारण फंसे लोगों को राहत देने के लिए 18 मई को राज्य परिवहन की बसें चलाने का निर्णय लिया है। इन बसों में यात्रा करने के लिए केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बुकिग की जा रही है। केवल कंफर्म बुकिग वाले यात्रियों को ही बस अड्डों में प्रवेश की अनुमति होगी। प्रत्येक बस में अधिकतम 30 यात्रियों को ही बैठाया जाएगा। अगर किसी कारणवश किसी मार्ग पर बस परिचालन संभव नहीं होगा तो प्रस्थान के समय से दो घंटे पहले सूचना देने के साथ बस परिचालन रद कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में यात्री से लिया गया किराया लौटा दिया जाएगा।