बाइक सवार ने की स्कॉर्पियो पर फायरिग
सूर्य विहार इलाके में स्कार्पियो सवार धीरज के ऊपर बाइक सवार दो युवकों ने शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे फायरिग कर दी। गोली कार के शीशे पर लगी। इस वजह से बचाव हो गया। हालांकि जान बचाने के लिए गोली चलते ही धीरज अपने घर की तरफ भाग गया था। फायरिग करने के बाद बाइक सवार भी फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सूर्य विहार इलाके में स्कॉर्पियो सवार धीरज नाम के शख्स पर बाइक सवार दो युवकों ने शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे गोली चला दी। हालांकि निशाना चूक कर गोली कार के शीशे पर लगी। गोली चलते ही धीरज जान बचाने के लिए अपने घर की तरफ भाग गया। फायरिग के बाद बाइक सवार भी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सेक्टर-9ए थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-10 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों ने आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है। वैसे प्रारंभिक जांच के मुताबिक मामला गैंगवार से जुड़ा लग रहा है। धीरज का संबंध कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी से रहा है। उसके खिलाफ पांच मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें से एक हत्या का भी मामला है। वह कुछ समय पहले जमानत पर बाहर आया है।
पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक मूल रूप से गांव नखड़ौला निवासी धीरज वर्तमान में सूर्य विहार इलाके में रहता है। वह स्कॉर्पियो की सर्विसिग कराने घर से निकला ही था कि सामने बाइक सवार दो युवक आ गए। दोनों के हाथों में पिस्तौल थी। एक ने फायरिग कर दी। गोली सीधे शीशे पर लगी। इससे घबराकर वह घर की तरफ भागा। सेक्टर-9ए थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामला गैंगवार से साफ तौर पर जुड़ा लग रहा है। जिस धीरज पर गोली चलाई गई उसका संबंध गैंगस्टर अशोक राठी से था। वैसे पूरी सच्चाई आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आएगी। बता दें कि एक महीने पहले कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी की उसके गांव में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की वारदात के बाद गैंगवार शुरू होने की आशंका बन रही है।