फर्जी एनओसी से पेड़ काट डाले
साइबर सिटी में हर तरफ जालसाजों का जाल फैला है। बृहस्पतिवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वन अधिकारियों को हिलाकर रख दिया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में हर तरफ जालसाजों का जाल फैला है। बृहस्पतिवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वन अधिकारियों को हिलाकर रख दिया। एक व्यक्ति द्वारा वन विभाग से एक पेड़ की कटाई के लिए जारी एनओसी का क्लोन बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर डीएलएफ फेज-दो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को वन विभाग के पास डीएलएफ फेज-दो में बिना अनुमति के ही अमलतास के एक पेड़ को काटने की शिकायत पहुंची। इस पर गुरुग्राम के वन राजिक अधिकारी कर्मवीर मलिक ने टीम मौके पर भेजी। टीम ने जब छानबीन शुरू की तो पता चला कि वर्ष 2018 में डीएलएफ फेज-चार इलाके में एक जामुन का पेड़ काटने के लिए जो एनओसी जारी की गई थी उसी का क्लोन बनाकर पहले फर्जी एनओसी डीएलएफ फेज-दो निवासी दिनेश मल्होत्रा ने तैयार की, फिर अमलतास का पेड़ बुधवार को कटवा दिया।
वन राजिक अधिकारी कर्मवीर मलिक ने बताया कि ऐसा भी किया जा सकता है, सोचा नहीं था। पुलिस जांच करे और पता लगाए कि आरोपित ने फर्जी एनओसी के आधार पर कितने पेड़ कटवा दिए। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी की जाए।