फिट इंडिया मूवमेंट को लेकर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत करेंगे।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत करेंगे। वह सुबह 10 से 11 बजे के बीच देशवासियों को फिटनेस की शपथ दिलाएंगे। यह जानकारी प्रदेश की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने सोमवार को चंडीगढ़ मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिये दी। उन्होंने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम के बारे में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा। सभी सरकारी, निजी स्कूलों, आइटीआइ, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, बहुतकनीकी संस्थानों, ग्राम पंचायतों व अन्य सार्वजनिक जगहों पर दिखाया जाए। प्रदेश की मुख्य सचिव ने निर्देश कि इस कार्यक्रम से आरडब्ल्यूए, नेहरू युवा केंद्र व एनएसएस के स्वयंसेवकों को भी जोड़ा जाए। इस दिन कार्यक्रम के दौरान बिजली की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अंकुर गुप्ता ने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के बारे में सभी महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों को निर्देश भेज दिए गए हैं। शहरी स्थानीय निकाय के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण ने बताया कि प्रदेश में सभी नगर निगम, नगरपालिका व नगर परिषदों में भी प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की जाएगी।
गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव नवराज संधु ने कहा कि पुलिसकर्मियों को फिट रहना ही चाहिए। इसलिए पुलिसकर्मी भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने इस दिन सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखने की भी हिदायत दी है। वीडियो कांफ्रेंसिग के दौरान मंडलायुक्त अशोक सांगवान, उपायुक्त अमित खत्री, नगराधीश मनीषा शर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू बांगड़, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव व डीआइओ विभू कपूर व जिला खेल अधिकारी राज यादव भी मौजूद रहीं।