सिविल लाइंस में शुरू किया 65 बेड का कोविड आइसोलेशन केंद्र
भारत विकास परिषद संकट के दौर में लोगों की मदद के लिए आगे आया है। प्रसिद्ध उद्योगपति बोधराज सीकरी के प्रयास व मैनकाइंड फार्मा के सहयोग से सिविल लाइंस में 65 बेड का कोविड आइसोलेशन केंद्र शुरू किया गया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: भारत विकास परिषद संकट के दौर में लोगों की मदद के लिए आगे आया है। प्रसिद्ध उद्योगपति बोधराज सीकरी के प्रयास व मैनकाइंड फार्मा के सहयोग से सिविल लाइंस में 65 बेड का कोविड आइसोलेशन केंद्र शुरू किया गया है। केंद्र सिविल लाइन के होटल न्यू डेस्टिनेशन में शुरू किया गया है। इस केंद्र में कोरोना संक्रमित मरीजों को सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। केंद्र का शुभारंभ भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक विजय ने सामूहिक रूप से किया। बोधराज सीकरी को इस पूरे प्रोजेक्ट का संयोजक बनाया गया है।
संगठन मंत्री सुरेश जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद की सभी शाखाएं देशभर में आइसोलेशन केंद्र बनाने और कोरोना संक्रमित मरीजों को आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए जुटे हुए हैं। आरएसएस के प्रांत प्रचारक विजय ने कहा कि आरएसएस के कार्यकर्ता इस वैश्विक महामारी के दौर में लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं। मैनकाइंड फार्मा के चेयरमैन आरसी जुनेजा, विवेकानंद आरोग्य केंद्र के संरक्षक विनोद मित्तल व प्रोजेक्ट के आयोजक बोधराज सीकरी भी आनलाइन जुड़े। विवेकानंद तिवारी मैनकाइंड फार्मा और आरोग्य केंद्र के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभा रहे हैं।
बोधराज सीकरी ने इस काम में सहयोग करने वाले समाजसेवी संजय टंडन, राजीव छाबड़ा सुजाता गौड़, निताली छाबड़ा, मुकेश सिघल व अमित लाहोरिया के प्रयासों की भी सराहना की। भारत विकास परिषद के विवेकानंद तिवारी ने बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपति व समाजसेवी बोधराज सीकरी के साथ मुलाकात कर इस तरह का केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इस केंद्र में लोगों को 24 घंटे सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।