जब किसान कानून नहीं चाह रहे तो सरकार को बदलना चाहिए निर्णय : दीपेंद्र
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा मंगलवार देर शाम गांव मलवाला पहुंचे और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की।
संवाद सूत्र, रतिया :
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा मंगलवार देर शाम गांव मलवाला पहुंचे और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बातचीत की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की कुरुक्षेत्र में रैली की बातें भाजपा अफवाहों के तौर पर फैला रही है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है, बल्कि कांग्रेस अन्य विपक्षी पार्टियों के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव ला कर शीघ्र ही सरकार को चलता करने का काम करेगी।
दीपेंद्र ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। किसान आंदोलन के चलते दिल्ली बॉर्डर पर सैकड़ों किसानों की मौत हो गई, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा जिन किसानों के लिए कृषि कानून बनाया है अगर उन्हें वह कानून पसंद नहीं तो सरकार को निर्णय बदल लेना चाहिए। प्रदेश व केंद्र की सरकार के खिलाफ लोगों में बेहद गुस्सा है तथा जनता के इसी गुस्से के चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री अपने कार्य क्षेत्र में कार्यक्रम करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा देश की जनता ने कभी यह नहीं सोचा था कि सरकार इतनी अड़ियल भी हो सकती है। इसलिए देश व प्रदेश की जनता का विश्वास केंद्र व प्रदेश की सरकार से उठ चुका है। उलोगों ने चुनावों के दौरान भाजपा के खिलाफ वोट दिए थे। शराब घोटाला, धान घोटाला, माइनिग घोटाला जैसे करोड़ों रुपये के बड़े घोटाले होने के आरोप लगने लगे हैं।
इससे पूर्व वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सरपंच जरनैल सिंह मलवाला के भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके आवास स्थान पहुंचे। इस अवसर पर फतेहाबाद के पूर्व विधायक एवं सीपीसी प्रह्लाद सिंह गिल्लाखेड़ा, पूर्व विधायक जरनैल सिंह, भरत सिंह बेनीवाल, एडवोकेट बलजीत सिंह, पूर्व सरपंच जरनैल सिंह मलवाला, हरचरण सिंह आदि मौजूद थे।