कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, दशहरे पर पीएम व मंत्रियों के पुतले फूंके
संवाद सूत्र भूना केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने रोष जताया
संवाद सूत्र, भूना :
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने रोष जताया। रविवार को दशहरा के दिन किसानों ने जिले के भूना शहर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और पीएम व उसके मंत्रियों के पुतले फूंकते हुए इन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। किसान समन्वय संघर्ष समिति के आह्वान पर रविवार को किसान भूना के भगत सिंह पार्क में इकट्ठे हुए। यहां किसान सभा के जिला प्रधान कामरेड रामस्वरूप ढाणी गोपाल की अध्यक्षता में बैठक की और केन्द्र सरकार के कृषि कानूनों को काला कानून बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन काले बिल पास करवाकर खेती को बर्बाद करने का काम किया है। प्रदर्शन में किसान संघर्ष समिति के चांदी राम कड़वासरा, तहसील प्रधान किसान सभा मुंशीराम, भवन निर्माण यूनियन के सचिव मुकेश डूल्ट, खेत मजदूर यूनियन से धर्मपाल जांडली कलां, ओमनाथ, ढाणी गोपाल किसान सभा के प्रधान सुरजीत कसवां ने भी संबोधित किया।