एसवाइएल के मुद्दे पर चौटाला सहित गठबंधन के 1222 कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी
इनेलो-बसपा गठबंधन ने एसवाइएल मामले में जेल भरो आंदोलन के तहत दी फतेहाबाद में गिरफ्तारी दी। इस दौरान वह मनोहर सरकार पर जमकर बरसे।
जेएनएन, फतेहाबाद। एसवाइएल मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय लागू कराने को लेकर संघर्षरत इनेलो-बसपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में जेल भरो आंदोलन के तहत नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला, बसपा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एकत्रित होकर गिरफ्तारियां दी। प्रदर्शन में 1222 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।
कार्यकर्ताओं को 16 रोडवेज बसों से पुलिस लाइन में लाया गया। पुलिस लाइन ले जाकर एसडीएम सतबीर जांगू ने इनकी जमानत दी। गिरफ्तारियां देने से पूर्व कार्यकर्ताओं को अभय चौटाला, प्रकाश भारती, सांसद चरणजीत रोडी, विधायक बलवान दौलतपुरिया, प्रो रविन्द्र बलियाला ने भी मुख्य रूप से संबोधित किया।
अन्नदाता पानी की मार झेल रहा
अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के बच्चे से लेकर वृद्ध व्यक्ति तक का कंठ जल संकट के कारण सूखने लगा है। अन्नदाता किसान की जमीन पानी की भारी कमी की मार झेल रही है। मगर इन सबसे अनजान बन देश-प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के खून-पसीने से जमा हुए सरकारी खजाने को विदेशी सैर-सपाटों व राहगीरी के नाम पर गिल्ली डंडा खेलने जैसे अनाप-शनाप कामों में बर्बाद कर रही है।
उन्होंने कहा कि एसवाईएल मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय हरियाणा के पक्ष में आने के बावजूद पानी प्रदेश को न मिलना इस बात को प्रमाणित करता है कि हरियाणा की प्यासी धरती की प्यास बुझाने को लेकर भाजपा सरकार जरा भी गंभीर नहीं है। अभय चौटाला ने सरकार पर किसानों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने दादूपुर-नलवी नहर निर्माण को इसलिए रोक दिया ताकि उसको कोर्ट के निर्देशानुसार किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा न देना पड़े।
वहीं बसपा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर प्रधानमंत्री बने थे और उन्होंने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। आगामी आम चुनाव में बहन मायावती के नेतृत्व में तीसरा मोर्चा भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा।
यह भी पढ़ेंः सुरजेवाला बोले- पहले झूठ से, अब फूट से सत्ता हासिल करना चाहती भाजपा