साथी ने तानी पिस्तौल और देवर करता रहा दुष्कर्म, अब थाने पहुंचा मामला
फतेहाबाद के एक गांव में महिला को उसका देवर साथियों की मदद से खेत में ले गया और वहां पिस्तौल के बल पर उससे दुष्कर्म किया।
जेएनएन, फतेहाबाद। भट्टू थाना क्षेत्र के एक गांव की ढाणी में रहने वाली महिला ने अपने देवर पर कुछ लोगों के साथ मिलकर पिस्तौल के बल पर उससे दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। एसपी कार्यालय ने मामले की जांच महिला थाना को भेज दी है।
महिला ने बताया कि भट्टू के एक गांव के पास ढाणी है। उसका पति कुछ दिन से राजस्थान में जमीन बुआई के लिए गया हुआ था। रात को उसने ढाणी के पास ट्रैक्टर चलने की आवाज सुनी तो पाया कि उसका देवर व कुछ अन्य लोगों के साथ उनकी ढाणी के साथ लगती जमीन पर बुआई कर रहा था। उसने आरोप लगाया कि वहां मौजूद उसकी देवरानी व उसकी बेटियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी और बाद में उसके देवर ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे उठाकर तीन-चार एकड़ दूर ले गया।
आरोप है कि यहां पर एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी और देवर ने उससे दुष्कर्म किया। उसके चीखने की आवाज सुनकर लोग आए तो आरोपित देवर मोबाइल लेकर भाग गया। महिला ने आरोप लगाया कि भट्टू पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज करने से भी मना कर दिया।
भट्टूकलां के थाना प्रभारी मुकेश बैनीवाल का कहना है कि मेरे पास शिकायत लेकर आए थे। मामला महिला से जुड़ा होने के कारण महिला थाना में शिकायत देने के लिए कहा था। फिलहाल महिला थाना पुलिस को सूचित कर दिया है। महिला थाना से जांच अधिकारी भट्टू में आकर ही कार्रवाई कर रही है।
अनुसूचित जाति की महिला के साथ की मारपीट और छेड़छाड़, मामला दर्ज
उधर, सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की एक महिला के साथ मारपीट व छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला ने इस संबंध में सदर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में सात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित महिला के ही गांव के है। डीएसपी उमेद कुमार मामले की जांच कर रहे हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि 11 नवंबर की शाम को गांव में किसी काम से गई थी। जब वापस जा रही थी तो रास्ते में गांव के ही सात लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और हाथ पकड़ लिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले को लेकर पंचायत भी हुई। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। सदर थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं।