बारिश के बाद फिर बढ़ने लगा तापमान, 40 डिग्री के पास पहुंचा
जागरण संवाददाता फतेहाबाद बारिश होने के बाद फिर से तापमान बढ़ने लगा है। पिछले कुछ
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
बारिश होने के बाद फिर से तापमान बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों से तापमान कम था। इससे आमजन को गर्मी से राहत मिली हुई थी। अब फिर से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है। शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अब तापमान के साथ उमस में भी बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि अब राहत की बाद ये है कि आमजन को लू से राहत मिल गई। पहले पंखों से भी गर्म हवाएं आती थीं, अब पंखों से गर्म हवाएं की बजाए अनुकूल हवाएं आती हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी मंगलवार के बुधवार को बारिश की संभावना बन रही है। बारिश हुई तो फिर से गर्मी से राहत मिल जाएगी।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 तो न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी एक दो दिनों में 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। परंतु मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार फिर से बारिश होने के चलते राहत मिल जाएगी।
शुक्रवार को अधिक उमस भरी गर्मी के चलते लोगों को परेशानी आई। दिन में बाजार सुनसान नजर आया। पार्को में सुबह के बाद देर शाम को रौनक लौटी। शहर के पपीहा पार्क के अलावा अल्फा सिटी के पार्क में सुबह शाम लोग बड़ी संख्या में घूमने गए। वहीं बारिश के मौसम होने के बाद धान की रोपाई में तेजी आई है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक 15 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई हो गई। आगामी सप्ताह में फिर से बारिश होती है तो धान रोपाई के साथ अन्य फसलों की भी बिजाई में तेजी आएगी। भट्टू व भूना क्षेत्र में ग्वार व बाजरे की बिजाई भी किसानों ने शुरू कर दी है।
-----------------------
जिन क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है वहां पर किसान ग्वार व बाजरे की बिजाई कर सकते है। दोनों फसल लगाने का अब उचित समय है। मानसून पूर्व बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। वहीं किसान कपास की फसल में निराई गुडाई सही से करे।
- डा. बलवंत सहारण, उपनिदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग।
------------------------