धूप निकली मिली राहत, सूरज ढलते ही बढ़ी ठिठुरन
जिले में ठंड का कहर जारी है। बुधवार को सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : जिले में ठंड का कहर जारी है। बुधवार को सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे। इसके चलते सुबह के समय हल्का कोहरा छाया हुआ था। करीब 11 बजे के मौसम साफ हो गया था और हल्की धूप निकल आई थी। इससे जिलेवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन शाम होते ही ठिठुरन बढ़ गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रहा।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में ठंड बढ़ गई है। सुबह के समय कोहरा छाया रहता है और पूरे दिन हल्की धूप राहत देती है और शाम को सूरज ढलने के बाद ठिठुरन बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी तक ऐसी ही ठंड पड़ने की संभावना है। यह ठंड फसलों के लिए भले ही अच्छी हो, लेकिन स्वास्थ्य के लिहाज से हानिकारक साबित हो रही है। बुखार, जुकाम के अलावा हड्डी के रोगियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन रही है। ठंड की वजह से हड्डी के रोगियों में दर्द बना रहता है। इन बीमारियों के मरीजों को अपना विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। मौसम विभाग की माने, तो शनिवार को बारिश भी हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन ठंड का कहर जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक जा सकता है।
--------
ठंड के मौसम में हड्डी संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। सर्दियों में हड्डियों को गर्म कपड़े के अलावा घुटने में नी-कैप पहनकर रखनी चाहिए। यह मौसम हरी सब्जियों का मौसम होता है। हरी सब्जियां अधिक खानी चाहिए। ठंड में मोटरसाइकिल चलाने से बचना चाहिए। नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए। इससे मांसपेशियां सक्रिय रहती हैं।
- डा. सुमित बत्रा, हड्डी रोग विशेषज्ञ, क्यूआरजी अस्पताल।
---------
बच्चों को अच्छे से गर्म कपड़े पहनाकर रखना चाहिए। यदि कोई बच्चा बीमार हो जाए, तो घरेलू इलाज की बजाय बाल रोग विशेषज्ञ के पास ले जाना चाहिए। बच्चों के प्रति थोड़ी सी लापरवाही बड़ी परेशानी बन सकती है। ठंड निमोनिया का रूप ले लेती है। रात में सोते समय भाप अवश्य दिलाए।
- डा. विकास गोयल, बाल रोग विशेषज्ञ।