हाइवे पर बनेंगे दो और पुल, सुगम होगा आवागमन
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के गुरुग्राम नहर पर चार लेन पुल को 10 लेन बनाने और गांव सीकरी के पास छह लेन पुल बनाने का काम नारियल फोड़ कर शुरू कराया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन और सुगम होगा। गुरुग्राम नहर पर स्थित चार लेन पुल को 10 लेन में परिवर्तित करने और गांव सीकरी के पास छह लेन पुल बनाने का काम शुक्रवार से शुरू हो गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारित राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रदेश के परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा के साथ नारियल फोड़ कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। दोनों पुलों पर कुल 37 करोड़ रुपये की लागत आएगी और अगले एक वर्ष में दोनों पुलों को तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। होडल तक रेड लाइट फ्री होगा हाइवे
केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने इस मौके पर बताया कि दिल्ली बॉर्डर से लेकर होडल तक पूरे फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग को रेड लाइट फ्री बनाया जाएगा। इसीलिए जगह-जगह पर पुल बनाए जा रहे हैं। चूंकि पूरा राजमार्ग छह लेन बन चुका है और गुरुग्राम नहर पर पुल सिर्फ चार लेन होने से लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। इसीलिए इसी कड़ी में गुरुग्राम नहर के चार लेन पुल को 10 लेन बनाया जाएगा। इस पर 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने कहा कि गांव सीकरी में पियाला मोड़ से भारी वाहन निकलते हैं, जिससे अकसर ट्रैफिक जाम रहता है। इस जाम से छुटकारा दिलाने के लिए 25 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री गुर्जर ने कहा कि पलवल में रिलायंस को घाटा होने के बाद उन्होंने पुल बनाने का काम ठप कर दिया है। अगले 25 दिन में यहां पर दूसरी कंपनी आकर काम शुरू कर देगी। पलवल में अब दूसरी कंपनी पुल बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है और हर कोने में विकास का काम हो रहा है। गुर्जर ने मुख्यमंत्री व गृह मंत्री अनिल विज के बीच सीआइडी की रिपोर्ट के मुद्दे को तूल देना बेकार बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुखिया मुख्यमंत्री ही होता है। इसीलिए इस पर चर्चा की कोई वजह नहीं है।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला परिषद के सदस्य शैलेंद्र सिंह, लखन बेनीवाल, संजीव बैसला, मुनेश नरवाल, गायत्री शर्मा, योगेश शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद थे।