दो महीने बाद शुरू हो जाएगा आक्सीजन प्लांट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.रणदीप सिंह पूनिया ने नागरिक अस्पताल के पीछे आक्सीजन प्लांट के जरूरी निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : जिले के नागरिक अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को आक्सीजन की कमी से परेशान नहीं होना पड़ेगा। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.रणदीप सिंह पूनिया ने नागरिक अस्पताल के पीछे आक्सीजन प्लांट के जरूरी निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। निर्माण कार्य पर करीब दस लाख रुपये की लागत आएगी और नव वर्ष में काम पूरा होने पर यह सौगात मिल जाएगी। आक्सीजन प्लांट केंद्र सरकार की योजना के तहत बनाया जा रहा है। फरीदाबाद प्रदेश में चौथा ऐसा जिला है, जहां पर आक्सीजन प्लांट बनाया जा रहा है। इससे पूर्व सोनीपत, हिसार और करनाल में आक्सीजन प्लांट बनाया गया है।
जिला नागरिक अस्पताल में आक्सीजन प्लांट स्थापित होने के बाद बाहर से सिलेंडर मंगाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्लांट के जरिये राजकीय अस्पताल बल्लभगढ़, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आक्सीजन सिलेंडर में भरकर आपूर्ति की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रणदीप सिंह पूनिया ने बताया कि नागरिक अस्पताल के अधिकारियों ने अब कभी भी मरीजों को आक्सीजन की कमी नहीं झेलनी पड़ेगी। अस्पताल में बेहतर सुविधाएं मुहैया होने से मरीजों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में जरूरी व्यवस्थाओं को बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी के चलते यह प्लांट स्थापित किया जा रहा है। पूरे प्लांट में करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद केंद्र सरकार को इसका प्रमाण भेजा जाएगा और आक्सीजन प्लांट के लिए उपकरणों की मांग की जाएगी। नागरिक अस्पताल में अभी तक सिलेंडर के माध्यम से आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। पाइप लाइन पहले से ही बिछी हुई है। आक्सीजन आपूर्ति के लिए प्लांट की मुख्य लाइन आक्सीजन पाइप से जोड़ना होगा। उपकरण में आने में एक महीने तक का समय लग सकता है और उम्मीद है कि फरवरी के अंत तक प्लांट क्रियान्वित हो जाएगा। पर्यावरण में मौजूद हवा से ही आक्सीजन बनाई जाएगी।