शादी के 22 दिन तक दुल्हन हंस-हंस कर करती रही बात फिर 23वें दिन खुला राज, उड़ गए सभी के होश
फरीदाबाद के एक घर में अनोखा मामला सामने आया है। एक लड़की शादी करने के बाद हंसी खुशी रह रही थी मगर वह 23 वें दिन अचानक गायब हो गई। इस मामलेे में चौंकाने वाली बात सामने आई है।
फरीदाबाद [प्रवीन कौशिक]। नहरपार के एक गांव में शादी की खुशियां अभी मनाई जा रही थी कि दुल्हन 22वें दिन गहने, कपड़े व 50 हजार रुपये लेकर फुर्रर हो गई। 35 वर्षीय युवक एक तो नई नवेली पत्नी के चले जाने से परेशान, दूसरा लाखों का नुकसान हुआ वह अलग। इतना ही नहीं पुलिस ने भी इस परिवार को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दुल्हन के खिलाफ भूपानी थाने में मामला दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने इंकार कर दिया। कई महीने चक्कर लगाते रहे, पर सुनवाई नहीं हुई।
अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
इसके बाद पीड़ित ने अदालत की शरण ली। अब अदालत के आदेश पर भूपानी थाने में आरोपित दुल्हन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उधर पीड़ित का कहना है कि उसके ससुराल वाले उसे दबाव में लाने के लिए उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने की फिराक में हैं। जबकि उन्होंने इस तरह की कोई मांग नहीं की।
पत्नी की कहानी सुन चौंक जाएंगे आप
पता यह भी लग रहा है कि शिकायतकर्ता युवक की पत्नी ने ससुराल से निकल कर मायके नहीं गई बल्कि किसी और से शादी कर ली है। उसका शादी से पहले से ही किसी और से अफेयर बताया जा रहा है। 25 जून 2019 को हुई थी शादी रिश्ता उत्तर प्रदेश के एक गांव से हुअा था।
दुल्हन हंस-हंस करती थी सबसे बात
युवक की शादी 25 जून 2019 को बड़े धूमधाम से हुई। शादी के बाद भी दुल्हन सामान्य व्यवहार करती रही। सभी से हंस-हंसकर बात करती थी। शक ही नहीं हुआ कि वह शादी से नाखुश है। युवक के अनुसार पत्नी अकसर फोन पर किसी से काफी-काफी देर तक बातें करती थी। एक-दो बार टोका गया, पर वह नहीं मानी। 17 जुलाई की सुबह करीब साढ़े चार बजे पत्नी घर से गायब हो गई।
तलाश करने पर खुला मामला
तलाश करने पर किसी गांव वाले ने बताया कि एक गाड़ी चौराहे पर खड़ी देखी थी, कुछ देर बाद वह तेज गति से भागती हुई नजर आई। घर में अलमारी देखी तो वहां से 9 तोले सोने के आभूषण, आधा किलोग्राम चांदी, शादी के समय दी गई साड़ी व अन्य वस्त्र और 50 हजार रुपये गायब थे।
पुलिस ने कहा शिकायत में नहीं है दम
इसकी सूचना ससुराल वालों को दी गई। वे भी तलाश में जुट गए। इसके बाद भूपानी थाने गए। वहां एक उपनिरीक्षक ने स्पष्ट कहा कि शिकायत में दम नहीं है। पुलिसकर्मी ने उससे यह लिखने को कहा कि वह कार्रवाई नहीं चाहता। पुलिसकर्मी ने बजाए इस मामले में कार्रवाई करने के राजीनामा करने पर दबाव बनाया। उन्हें यकीन होता गया कि पुलिसकर्मी ससुराल वालों से मिले हुए हैं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने 9 अक्टूबर को केवल गुमशुदगी की रपट दर्ज की। इसके बाद युवक ने अदालत का सहारा लिया और अब मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस का पक्ष
इस मामले की शिकायत आ गई थी। जांच की जा रही थी। हमें इस बात के सबूत नहीं दिए गए कि युवक की पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है। अब अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
कुलदीप सिंह, प्रभारी, थाना भूपानी।