हत्या कर यमुना नदी किनारे दफनाया युवती का शव, ऐसे खुला राज Faridabad News
फरीदाबाद के यमुना नदी किनारे गांव कबूलपुर खादर स्थित कैप्टन फॉर्म हाउस क्षेत्र में एक युवक ने एक युवती की हत्या करने के बाद उसके शव को दफना दिया।
फरीदाबाद, जेएनएन। एक कॉलोनी क्षेत्र से 30 अगस्त को लापता साढ़े 16 वर्षीय किशोरी की हत्या उसके पड़ोस में दुकान करने वाले प्रदीप नाम के युवक ने उसी दिन गला कसकर कर दी थी। शव उसने दो साथियों संग कबूलपुर खादर कैप्टन फार्म क्षेत्र में यमुना किनारे तीन फुट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया था। मंगलवार को सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच पुलिस ने प्रदीप व उसके साथी वसीम को गिरफ्तार किया तो उन्होंने राज उगला।
वसीम की निशानदेही पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यमुना किनारे झाड़ी के नीचे गड्ढा खोदकर शव बरामद कर लिया। खेड़ी पुल थाने में 30 अगस्त को किशोरी की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज है। अब मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ी गई है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट से दुष्कर्म की बात स्पष्ट होगी, जिसके बाद दुष्कर्म की धारा जोड़ी जाएगी। शव का पोस्टमॉर्टम बुधवार को पीजीआइ रोहतक में होगा।
मुख्य आरोपित गांव भतौला निवासी प्रदीप की किशोरी के घर के पास सरिया की दुकान है। पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में प्रदीप ने बताया है कि उसने किशोरी को प्रेम जाल में फंसा लिया था। प्रदीप पहले ही शादीशुदा है, ऐसे में वह किशोरी से छुटकारा पाना चाहता था। 30 अगस्त को वह किशोरी को कार में बिठाकर वजीरपुर रोड पर लेकर गया और गला कसकर हत्या कर दी।
इसके बाद वसीम व अमर सिंह के साथ कार में ले जाकर शव को दफना दिया। अमर सिंह की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। पिता के मुताबिक बेटी दसवीं कक्षा की छात्रा थी। 30 अगस्त को दोपहर 12.15 बजे लापता हुई। परिजनों को शुरू से ही प्रदीप पर संदेह था। उन्होंने इस संबंध में खेड़ी पुल थाना पुलिस को भी बताया, मगर पुलिस ने अनसुना कर दिया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल कर गांव वजीरपुर रोड कॉलोनी निवासी वसीम को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
वहीं पुलिस ने मुखबिर द्वारा सूचना मिलने पर वसीम को पकड़ने की बात कही है। मुकदमे में हत्या व दुष्कर्म की धाराएं जोड़ दी हैं। मुख्य आरोपित सहित दो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से विस्तृत पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह साफ होगी।