कूड़ा उठान ठेके की लड़ाई में वकील और उसके भाई को गाेली मारी
रिंदर हरसाना के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह भाई मनोज हरसाना के साथ कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट में मौजूद था। तभी मनोज मांगरिया ललित रोहित योगेश बीरपाल अवतार और बबलू सहित अन्य को लेकर मौके पर पहुंचे। डंडे व पिस्टल से इन लोगों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।
फरीदाबाद, हरेंद्र नागर। बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण प्लांट में कूड़ा उठाने का ठेका हासिल करने की होड़ में दो गुटों में झगड़ा हो गया। दोनों गुट गांव मांगर के निवासी हैं, जिसमें एक वकील और उसके भाई को गोली लगी। दोनों को एस्कोर्ट्स फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली मारने का आरोप उम्रकैद की सजायाफ्ता गैंगस्टर मनोज मांगरिया और उसके गुर्गों पर है।
गुरुग्राम ग्वाल पहाड़ी चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोली लगने से घायल गांव मांगर निवासी हरिंदर हरसाना जिला अदालत में प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने बताया कि बंधवाड़ी कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट में उसके बड़े भाई मनोज हरसाना ने कूड़ा उठाने का ठेका लिया था। यह बात गैंगस्टर मनोज मांगरिया को बुरी लगी। आरोप है कि मांगरिया ट्रीटमेंट प्लांट में कूड़ा उठाने के ठेके में एकछत्र राज चाहता है। उसने मनोज हरसाना को उसके नीचे काम करने या हफ्ता देने की धमकी दी, मगर वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
हरिंदर हरसाना के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह भाई मनोज हरसाना के साथ कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट में मौजूद था। तभी मनोज मांगरिया, ललित, रोहित, योगेश, बीरपाल, अवतार और बबलू सहित अन्य को लेकर मौके पर पहुंचा। उनके हाथों में डंडे व पिस्टल थे। सभी ने मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। इसमें एक गोली मनोज हरसाना को सिर में लगी। वहीं दूसरी गोली हरिंदर के सिर को छूते हुए निकल गई। आस-पास लोग एकत्र हुए तो हमलावर जान से मारने की धमकी दकर फरार हाे गए। मनोज को आइसीयू में भर्ती कराया गया है। दूसरे पक्ष मोहित नाम के युवक को भी गोली लगने की सूचना है। वह पक्ष हरिंदर और उसके भाई द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगा रहा है।
उम्रकैद की सजा काट रहा है गैंगस्टर मनोज मांगरिया
साल 2013 में जिला अदालत में शशि नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मनोज मांगरिया उसमें मुख्य आरोपित था। अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। कोरोना के चलते इन दिनों वह पैरोल पर आया हुआ था। 8 अक्टूबर को उसकी पैराेल पूरी हो रही थी। एसीपी क्राइम अनिल कुमार के मुताबिक मनोज मांगरिया फरार है। उसकी तलाश के लिए क्राइम ब्रांच की तीन टीमें लगी हुई हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो