सिलेंडरों में गैस कम होने की शिकायत पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने की छापेमारी, एक हिरासत में Faridabad News
संजय कॉलोनी स्थित नीलम इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी द्वारा सप्लाई किए जाने वाले सिलेंडरों में गैस कम होने का मामला सामने आया है।
फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। संजय कॉलोनी स्थित नीलम इंटरप्राइजेज गैस एजेंसी द्वारा सप्लाई किए जाने वाले सिलेंडरों में गैस कम होने का मामला सामने आया है। मंगलवार को नगर निगम के पूर्व पार्षद धर्मबीर खटाना ने यह गड़बड़ी पकड़ी। गैस एजेंसी के कर्मचारी ने इनके घर पर जो सिलेंडर दिया, उसमें साढ़े तीन किलो गैस कम थी।
इसकी सूचना खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दी गई। इसके बाद टीम ने गाड़ी में रखे हुए सभी सिलेंडरों में गैस की जांच की। हर एक भरे हुए सिलेंडर में 3 से 4 किलो गैस कम थी। मुजेसर थाने में गैस एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गैस सप्लाई करने वाले एक कर्मचारी को भी हिरासत में लिया है।
काफी समय से चल रही है गड़बड़ी
सेक्टर-23ए निवासी धर्मबीर खटाना ने बताया कि उनके घर में हर सप्ताह में गैस सिलेंडर खाली हो जाता था। कई बार शक हुआ कि इतनी जल्दी सिलेंडर कैसे खाली हो सकता है। लेकिन उन्हें जब भी सिलेंडर की गाड़ी आती थी, वह घर पर नहीं होते थे। मंगलवार को जैसे ही गाड़ी आई, उन्होंने सिलेंडर तोला। उसमें गैस कम मिली। उन्होंने कहा ऐसा काफी समय से हो रहा है। इसमें किस-किसकी मिलीभगत है, इसकी जांच होनी चाहिए। सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी चेकिंग जरूर करनी चाहिए।
एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे कर्मचारी
मौके पर गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले दो कर्मचारी थे। जब पूर्व पार्षद ने उनसे पूछा कि गैस कौन निकलता है तो दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। खटाना ने बताया कि इससे पहले भी लोगों ने गैस कम होने की शिकायतें की थी, पर सुनवाई नहीं हुई।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक सुभाष ने बताया कि सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंच गए थे। गाड़ी में कुल 30 सिलेंडर थे जिनमें से 15 भरे हुए थे। भरे हुए सभी सिलेंडरों में 3 से 4 किलो गैस कम थी। गैस एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।