Cyber Fraud: तीन राज्यों के बॉर्डर पर बसे हरियाणा के गांवों से पूरे देश में हो रही है साइबर ठगी
Cyber Fraud नूंह के पास उत्तर प्रदेश हरियाणा और राजस्थान के बॉर्डर मिलते हैं। तीनों राज्यों के यहां 20-25 गांव है। इनमें कई गांव साइबर ठगी के लिए कुख्यात हैं। देशभर में लिंक भेजकर खाते से रुपये उड़ाने के 70 फीसद मामले इसी क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
नई दिल्ली/फरीदाबाद [हरेंद्र नागर]। दिल्ली से सटे पुन्हाना नूंह के पास उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के बॉर्डर मिलते हैं। तीनों राज्यों के यहां 20-25 गांव है। यह इलाका मेवात के नाम से भी पुकारा जाता है। इनमें कई गांव साइबर ठगी के लिए कुख्यात हैं। साइबर अपराध थाना पुलिस का कहना है कि देशभर में लिंक भेजकर खाते से रुपये उड़ाने के 70 फीसद मामले इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
यहां हरियाणा के गांव नई, बिछोर, जमालगढ़ पड़ते हैं। यहां से संचालित हो रहे गिरोह पर फरीदाबाद साइबर थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू ही किया था और नई व जमालगढ़ गांव के कुछ युवकों को गिरफ्तार किया था। इसी बीच नई गांव निवासी जुनैद नाम के युवक की मौत को तूल देकर यहां के लोगों ने हंगामा कर दिया। साइबर थाना पुलिस के कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया, इससे कुछ समय के लिए छापेमारी का अभियान रुक गया है। हालांकि एक बार फिर साइबर ठगी के मामले सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो कई ठगों के बारे में पुलिस को सूचना मिली है। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस इन पर भी शिकंजा कसेगी।
412 मामलों के लिंक जुड़े इस क्षेत्र से
साइबर अपराध थाना पुलिस का कहना है कि लिंक भेजकर हुई ठगी की 412 शिकायतों का लिंक उत्तर प्रदेश, हरियाणा व राजस्थान के बार्डर पर बसे इन गांवों से जुड़ा है। इन शिकायतों में करीब दो करोड़ रुपये की ठगी हुई है। साइबर थाना पुलिस अभी इनकी जांच में जुटी है। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि इस क्षेत्र से साइबर ठगी के कई गिरोह चल रहे हैं। इन्हें कुछ राजनीतिक लोगों का भी संरक्षण प्राप्त है।
डॉ. अर्पित जैन (डीसीपी हेडक्वार्टर) का कहना है किहमारी साइबर थाना पुलिस ने कुछ इलाके चिह्न्ति किए हैं, जहां से साइबर ठगी सबसे ज्यादा हो रही है। इन पर अंकुश लगाने की हमारी कोशिश है।