प्रापर्टी बंटवारे में व्यक्ति की हत्या, पुत्रवधू पर लगे आरोप
फ्रेंड्स कालोनी में एक व्यक्ति की किसी ने रात को गोली मारकर हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : फ्रेंड्स कालोनी में एक व्यक्ति की किसी ने रात को गोली मारकर हत्या कर दी। स्वजन का आरोप है कि पुत्रवधू ने संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक युवक के साथ मिल कर हत्या की है।
थाना शहर पुलिस को दी शिकायत महिला जसोदा ने बताया कि उनके पति 56 वर्षीय भरत सिंह बुक बाइंडिग का काम करते थे। उनके दो बेटे विनोद और सूरज में से सूरज की पिछले वर्ष 20 जनवरी को रेल से कटने के कारण मृत्यु हो गई। अब एक साल पूरा होने पर बृहस्पतिवार को हवन किया था। सूरज की पत्नी अपने बेटा-बेटी को लेकर मायके में रहती है। बड़ा बेटा विनोद किसी उद्योग में नौकरी करता है। वह ड्यूटी गया हुआ था। विनोद की पत्नी गीता काफी समय से संपत्ति बंटवारे के लिए झगड़ा करती थी। बृहस्पतिवार की रात को उसने किसी युवक के साथ मिल कर भरत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। गीता रात को ही मौके से फरार हो गई। स्वजन को सुबह नींद से उठने के बाद पता चला, तो पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस उपायुक्त जयबीर सिंह राठी, सहायक पुलिस आयुक्त मनीष सहगल, थाना शहर प्रभारी सत्यवान अपनी टीम के साथ पहुंचे। मौके पर जांच करने के लिए फारेंसिक लैब की टीम भी पहुंची। हमने मृतक के शव का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है। गीता और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
-सत्यवान, प्रभारी थाना शहर