पलक पावड़े बिछा किया इंतजार, फिर मंत्री पर पुष्प बौछार
मनोहर सरकार मेंकैबिनेट मंत्री बने मूलचंद शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : मनोहर सरकार में पहली बार कैबिनेट मंत्री बनने पर अपने गृह जिले में पहली बार आए मूलचंद शर्मा का शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पहले पलक पावड़े बिछा कर इंतजार किया और जब सराय ख्वाजा टोल प्लाजा पार कर उनके बीच पहुंची, तो अपने नेता पर पुष्प बौछार कर जोरदार अभिनंदन-सत्कार किया।
सुबह 11.15 बजे कार्यकर्ताओं में माला पहनाने की होड़ थी। कोई गुलदस्ता दे रहा था, तो कोई फूलों की माला पहना रहा था। यहां पर करीब आधा घंटे तक ये ही क्रम चलता रहा। यहां से मंत्री अपनी सरकारी कार की छत खोल कर खड़े होकर आगे बढ़ने लगे। उनके साथ कार में नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा भी। ढोल नगाड़े, ट्रैक्टरों में सवार गांव बंचारी की चौपाई पार्टी और तेज आवाज में बज रहा संगीत के साथ मंत्री का काफिला आगे बढ़ा, तो उसमें पीछे-पीछे करीब 100 कारें थी। परिवहन मंत्री का काफिला पुराना फरीदाबाद, अजरौंदा, पहुंचा, अब कार में उनके साथ फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता भी साथ थे। सेक्टर-10 स्थित उन्होंने घर पर परिजनों के साथ कुछ वक्त बिताया और फिर सीधे उनका काफिला बल्लभगढ़ विश्राम गृह के लिए रवाना हो गया। करीब 2.15 बजे विश्राम गृह में जिला उपायुक्त अतुल कुमार ने स्वागत किया। यहां पर उन्होंने पुलिस गार्द की सलामी ली। फिर अधिकारियों की बैठक ली। यहां से मंत्री का काफिला बल्लभगढ़ तीन बजे शहर के लिए निकला। यहां से वे खुली जीप में सवार हुए। जीप में उनके साथ विधायक नरेंद्र गुप्ता, तिगांव के विधायक राजेश नागर भी थे।
बस अड्डा मार्केट में मार्केट एसोसिएशन के प्रधान प्रेम खट्टर, पार्षद दीपक यादव, कपिल डागर, हरप्रसाद गौड़, पूर्व पार्षद दयाचंद यादव, आरडी गुप्ता, विजय विरमानी, विजय आर्य, श्यामलाल छाबड़ा, लखन बेनीवाल, रोशन लाल डुडेजा, गौरव विरमानी ने स्वागत किया। आगे चल कर उन्होंने चौक पर डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा व अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर फूल-माला चढ़ाई। मेन बाजार में महेश मित्तल ने स्वागत किया। वेदप्रकाश सिगला, विनोग अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, मनीष मित्तल, राजेंद्र जैन, महेश गोयल, अनाज मंडी व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान बिशन बंसल, राम कुमार मित्तल ने फूलों से स्वागत किया।