भारत बंद का नहीं दिखा कोई असर
तीन कृषि सुधार कानूनों का विरोध करने के तहत किसान संगठनों द्वारा भारत बंद का फरीदाबाद में कोई असर नहीं दिखाई दिया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : तीन कृषि सुधार कानूनों का विरोध करने के तहत किसान संगठनों द्वारा 26 मार्च को भारत बंद की घोषणा का अपने जिले में कोई खास असर नहीं दिखा। हाइवे सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर आवागमन सामान्य रहा। ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, एनआइटी सहित विभिन्न सेक्टरों के प्रमुख बाजार भी पूरी तरह से खुले रहे। रोडवेज की परिवहन सेवा भी सामान्य रही। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन की ओर से राजा नाहर सिंह बस अड्डा परिसर, केजीपी एक्सप्रेस-वे और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात थी। पूरे जिले में कहीं पर भी किसी भी किसान संगठन से जुड़े लोगों ने भारत बंद के अंतर्गत रास्ता बंद करने का प्रयास नहीं किया। हरियाणा रोडवेज व पर्यटन निगम के निजीकरण के विरोध में कर्मचारी नेताओं ने बस अड्डा परिसर में नारेबाजी जरूर की।
हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक राजीव नागपाल के अनुसार भारत बंद के दौरान रोडवेज की बसों को यमुनानगर, अंबाला, चंडीगढ़ रूट पर रोका गया। करीब पांच बस ऐसी हैं, जिन्हें तीन कृषि कानूनों का विरोध करने वालों ने रास्ते में रोका हुआ है। अन्य सभी रूटों पर हरियाणा रोडवेज की बसें सामान्य रूप से चलती रहीं। एसीपी जयवीर राठी भी पुलिस बल के साथ बल्लभगढ़ में रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और बस अड्डा, राजमार्ग के आसपास मुस्तैद दिखाई दिए। स्थिति सामान्य रही, तो पुलिस बल ने भी राहत की सांस ली। वहीं केजीपी के मौजपुर टोल प्लाजा पर एसीपी तिगांव पृथ्वी सिंह अपने जवानों के साथ सक्रिय दिखाई दिए। केजीपी पर यातायात सामान्य रहा।