आंगनबाड़ी वर्कर्स की जारी रही हड़ताल
आइसीडीएस के निजीकरण को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की संयुक्त तालमेल कमेटी के आह्वान पर तीसरे दिन भी आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर हड़ताल पर रहीं।
जासं, फरीदाबाद : आइसीडीएस के निजीकरण को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की संयुक्त तालमेल कमेटी के आह्वान पर तीसरे दिन भी आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर हड़ताल पर रहीं। हड़ताल के चलते तीसरे दिन भी सभी केंद्र और उपकेंद्र बंद रहे। आंगनबाड़ी वर्कर्स और सहायक सेक्टर-12 के टाउन पार्क में एकत्रित हुई। हड़ताली कर्मचारियों ने सेक्टर-12 के उपायुक्त कार्यालय के सामने वाले पार्क में प्रशासन द्वारा पानी भरने की कड़ी शब्दों में निदा की गई। पहले आंगनबाड़ी वर्कर्स इसी पार्क में बैठकर प्रदर्शन करती थीं। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्री ने किया, कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव मायावती ने किया। इस अवसर सीटू के जिला प्रधान निरंतर पाराशर, कर्मचारी नेता धर्मवीर वैष्णव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सरकार पर हड़ताली कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों को कर्मचारी नेता गीता, विधु प्रभा, सीमा, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान भीम सिंह, राजबाला मुकेश बेनीवाल ने भी संबोधित किया।