पेयजल आपूर्ति न होने से लोग परेशान
जागरण संवादाता फरीदाबाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। कई जगह बिजली आपूर्ति न होने के कारण भी पेयजल संकट बना है।
जागरण संवादाता, फरीदाबाद: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। कई जगह बिजली आपूर्ति न होने के कारण भी पेयजल संकट बना है। सेक्टर-21डी में पिछले तीन दिनों से पानी की आपूर्ति सही तरीके से नहीं हो पा रही है। इस सेक्टर की 1400 से 1500 तथा 415 से 550 वाली पाकेट का हाल अधिक खराब है। सेक्टर-21डी, आरडब्ल्यूए की ओर से इस बारे में निगम मुख्यालय में भी शिकायत दी गई है, मगर समाधान नहीं किया गया है। सेक्टर-3 में भी पेयजल संकट: सेक्टर-3 गुरु नानक पार्क वाली पाकेट में कई दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। यहां के वासियों ने नगर निगम अधिकारियों से इसकी शिकायत की है, मगर समाधान नहीं हुआ। मकान नंबर 2128 निवासी नवीन कुमार ने बताया कि दिन में समय पर पानी न आने से लोगों को देर रात तक जागना पड़ता है। वर्जन..
पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति सही नहीं हो पा रही है। घंटों पानी का इंतजार करना पड़ता है। अधिकारी हमारी समस्या को गंभीरता से नहीं लेते।
-सुधीर गुप्ता, सेक्टर-21डी। हमारे सेक्टर में कभी बिजली किल्लत रहती है, तो कभी पेयजल किल्लत। कई बार दूषित पानी की आपूर्ति होती है। नगर निगम मुख्यालय में भी शिकायत की है। समाधान नहीं किया गया है।
-जय प्रकाश शर्मा, प्रधान, आरडब्ल्यूए सेक्टर 21डी। मेरे पास अभी ऐसी कोई शिकायत नहीं है। फिर भी सेक्टर-21डी में पानी की आपूर्ति के सिस्टम को चेक करा कर दुरुस्त कराया जाएगा। अगर किसी आरडब्ल्यूए को कोई शिकायत है, तो मुझसे आकर संपर्क करें। शिकायत दूर की जाएगी।
-ओपी कर्दम, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम।