यमुना का जलस्तर बढ़ने से पंटून पुल बहा, एसडीएम ने किया दौरा
यमुना में जल स्तर बढ़ने से गांव अरुआ व चांदपुर के पास लगाया गया पंटून पुल बह चुका है। पुल के बहने से ग्रामीणों को खासी दिक्कत आ रही है।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: यमुना में जल स्तर बढ़ने से गांव अरुआ व चांदपुर के पास लगाया गया पंटून पुल बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों को खासी दिक्कत आ रही है। फसल का समय शुरू हो गया है। किसानों को फसल की कटाई करने के लिए रोजाना खेतों पर आना-जाना होता है। बृहस्पतिवार को एसडीएम त्रिलोक चंद ने गांव अरुआ व चांदपुर पहुंच कर मौके का मुआयना किया
इस दौरान गांव लतीपुर के ग्रामीणों ने बताया कि पुल के बहने के कारण उनका शहर की तरफ आवागमन बंद हो गया है। उनकी पंचायत साहुपुरा में है। लोकसभा चुनाव में गांव साहुपुरा के राजकीय उच्च विद्यालय में मतदान करने के लिए आना होगा। यदि पुल तैयार नहीं होगा, तो वे मतदान नहीं कर पाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग यमुना में भूमि कटाव को रोकने के लिए गांवों के किनारे की बजाय दूसरी तरफ पत्थरों की ठोकर लगा रहा है। ठोकर लगने से खेतों में बाढ़ के दौरान जलभराव हो जाएगा और भूमि कटाव होगा। पत्थरों की ठोकर गांवों की सीमा के साथ लगाया जाए, जिससे खेतों की तरफ भी कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा और कटाव भी नहीं होगा। आबादी पूरी तरह से सुरक्षित रहेगी। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता से ठोकर लगाने की प्रपोजल रखने और यमुना के पंटून पुल को तैयार करने के लिए कहा है। ताकि ग्रामीणों की समस्या को जून में आने वाली बाढ़ से पहले दूर किया जा सके।
-त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़