सुविधाओं को तरसे अजरौंदा के लोगों ने लगाया जाम
सड़क सीवर ओर पानी की समस्या के मुद्दे पर मंगलवार को वार्ड नंबर 32 के अंतर्गत आने वाले अजरौंदा गांव के लोगों ने जाम लगा दिया और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : सड़क, सीवर ओर पानी की समस्या के मुद्दे पर मंगलवार को वार्ड नंबर 32 के अंतर्गत आने वाले अजरौंदा गांव के लोगों ने जाम लगा दिया और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। बाद में पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। असल में सीवर लाइन बिछाने के लिए नगर निगम ने अजरौंदा गांव की मुख्य सड़क की पूरी तरह से खोदाई कर दी थी, जिस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इसी मुद्दे पर लोगों ने मंगलवार को सेक्टर-15 बीएसएनएल वाली रोड पर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने नाराजगी जताई कि निगम अधिकारियों की लापरवाही से पिछले 10 दिनों से सड़क की खोदाई की गई है। इससे परेशानी हो रही है। मनीष कुमार तथा रामअवतार ने बताया कि सीमेंट से बनी इस सड़क के नीचे सीवर लाइन डालने का काम किया जाना है, मगर काम पूरा नहीं किया गया है। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम को खोल दिया गया।
बता दें कि गत वर्ष 10 दिसंबर को निगमायुक्त यशपाल यादव अजरौंदा में पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने गांव की समस्याओं से अवगत कराया था। यशपाल यादव ने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया था। उप महापौर मनमोहन गर्ग ने बताया कि लोगों की नाराजगी जायज है। जिस तरह से ठेकेदार ने मुख्य सड़क की खोदाई की है, वह गलत है। ठेकेदार को जल्द सीवर लाइन डालने का काम पूरा करना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
Edited By Jagran