छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
गांव मोठूका में ससुराल गया एक युवक वहां फांसी पर लटका हुआ मिला। युवक के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : गांव मोठूका में ससुराल गया एक युवक वहां फांसी पर लटका हुआ मिला। युवक के पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए छह लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।
रामनगर फरीदाबाद के रहने वाले मंगल सिंह ने थाना छांयसा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बड़े बेटे विनोद की शादी मोठूका के रहने वाले बने सिंह की बेटी सविता के साथ हुई 2012 में हुई थी। शादी होने के कुछ दिन बाद ही सविता, उसकी मां, पिता बने सिंह और भाई तिलक, लाला ज्यादा से ज्यादा पैसा कमाने और रामनगर में न रहने के लिए परेशान करने लगे।
पत्नी सविता अक्सर उससे रामनगर को छोड़ कर अपने मायके में रहने के लिए कहती थी। वह रोजाना उसके साथ लड़ाई-झगड़ा करती थी। कई बार अपने मां-बाप, भाई, चाचा, ताऊ को बुलाकर उसके ऊपर दबाव बनाती थी। सविता अपने बच्चों और पति विनोद को साथ ले जाकर मोठूका में रहती थी।
विनोद ने कई बार अपने पिता को बताया कि सविता और उसके मायके वाले आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं और ज्यादा से ज्यादा रुपये कमा कर लाने के लिए कहते हैं। मंगल सिंह का कहना है कि उसने कई बार अपने बेटा की रुपये देकर मदद की। 22 जनवरी को 12.45 बजे विनोद का फोन आया कि पत्नी सविता और ससुराल पक्ष के लोग उसे पीट रहे हैं। इसके बाद बेटे के साले तिलक का फोन आया कि विनोद ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। विनोद की आत्महत्या की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि उन्होंने मंगल सिंह की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम भी करा दिया है।