विधायक व पूर्व पार्षद घर में किए गए कैद
तीन कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में शाम तक कैद कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : तीन कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को काले झंडे दिखाने की योजना बना रखी थी, लेकिन पुलिस को सूचना मिल गई और उन्हें शाम तक घर में कैद कर दिया गया। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जिला परिवाद कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करने और उद्योगपतियों के साथ संवाद के चलते शहर में थे। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस सेक्टर-7 में पूर्व पार्षद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगन डागर के घर पहुंच गई। यहीं पर एनआइटी के कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा भी थे और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी हाथों में काले झंडे उठाए हुए थे। इससे पहले कि सभी बाहर निकलते, पुलिस उन तक पहुंच गई और फिर शाम तक वहीं डेरा डाले रही। शाम को जब उपमुख्यमंत्री शहर से निकल गए, उसके बाद पुलिस वहां से निकली। पूर्व पार्षद डागर व नीरज शर्मा ने इसका विरोध भी किया, पर पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। इसी तरह से गांव दयालपुर के बबलू हुड्डा को पुलिस ने उनके घर से बाहर नहीं निकलने दिया।