कोविड नियमों के साथ मना लोहड़ी पर्व
जिले में लोहड़ी का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : जिले में लोहड़ी का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। दिन भर एक, दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। इंटरनेट मीडिया पर भी बधाइयों का आदान-प्रदान किया गया। लोगों ने बहन-बेटियों को घर जाकर उपहार दिए। बाजारों में भी खासी रौनक रही। दिन भर लोग मूंगफली, रेवड़ी तथा गजक की खरीदारी करते नजर रहे।
कोरोना के चलते सामूहिक रूप से कोई खास बड़े आयोजन नहीं हुए। घरों में नवविवाहित बेटे की पहली लोहड़ी या जिन घरों में पिछली लोहड़ी के बाद शिशु के रूप में नया मेहमान आया है, वहां भी इस बार बड़े आयोजन नहीं हुए। लोगों ने अपने खास मित्रों को घर पर ही बुला कर घर पर ही मालपुओं व पकोड़ों परोस कर उनका स्वागत किया।
एनआइटी तिकोना पार्क स्थित श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में लोहड़ी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने लोहड़ी जला कर परिक्रमा की। प्रसाद के रूप में मूंगफली, रेवड़ी और गजक बांटी गई। मंदिर कमेटी के प्रधान जगदीश भाटिया ने श्रद्धालुओं को लोहड़ी की बधाई दी।
कार्यक्रम में श्रद्धालु संदीप, नीलू, सुषमा भाटिया, हेमराज, साहिल, धीरज, बलजीत भाटिया, प्रदीप, शकुंतला देवी, संतोष तथा शंभूनाथ विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में कई परिवारों ने लोहड़ी उत्सव का आयोजन किया। इस दौरान आग के चारों ओर परिक्रमा करके लोगों ने लोहड़ी के गीत गाए। शहीद भगत सिंह ब्रिगेड ने मनाई लोहड़ी
शहीद भगत सिंह ब्रिगेड ने एनएच-3 में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के पौत्र एवं शहीद भगत सिंह बिग्रेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादवेन्द्र सिंह संधू मुख्य रूप से उपस्थित थे। यादवेन्द्र सिंह संधू ने सुंदर-मुंदरिए ओ, दुल्हा भट्टी वाला ओ गीत सुना कर माहौल को खुशनुमा किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व जीवन में उल्लास बिखेरने वाला पर्व है। लोहड़ी खुशहाली का संदेश लेकर आती है और नए साल का यह पहला पर्व लोगों के दिलों में खुशियां भर देता है। उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की भी शुभकामनाएं दीं।