कृष्णपाल और विपुल ने मंच पर नहीं मिलाए हाथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेक्टर-61 में आयोजित रैली के मंच पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल के हाथ नहीं मिले। दोनों के बीच मंच पर दूरी बनी रही। हालांकि पार्टी ने दोनों नेताओं को मंच पर सम्मान दिया। रैली में आए दर्शक दोनों नेताओं के बीच ये ही देख रहे थे कि वे हाथ मिलाते हैं या नहीं।
सुभाष डागर, बल्लभगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेक्टर-61 में आयोजित रैली के मंच पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल के हाथ नहीं मिले। दोनों के बीच मंच पर दूरी बनी रही। हालांकि पार्टी ने दोनों नेताओं को मंच पर सम्मान दिया। रैली में आए दर्शक दोनों नेताओं के बीच ये ही देख रहे थे कि वे हाथ मिलाते हैं या नहीं।
विधानसभा चुनाव में पार्टी ने प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह और प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल को टिकट नहीं दिया है। राव नरबीर सिंह को टिकट न मिलने का कारण केंद्रीय स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से पुराना राजनीतिक विरोध होना माना जा रहा है, वहीं विपुल गोयल को टिकट नहीं मिलना केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की नाराजगी माना जा रहा है। प्रधानमंत्री की रैली के मंच पर राव नरबीर सिंह और विपुल गोयल भी मौजूद थे। राव नरबीर सिंह मंच पर पूरे समय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से बातचीत करते रहे। उद्योग मंत्री विपुल गोयल भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राज्य सभा सदस्य डॉ. अनिल जैन व पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के साथ बैठे रहे। जब तक विपुल गोयल मंच पर नहीं पहुंचे थे, तब तक दर्शक दीर्घा में ये चर्चा खास विषय बना हुआ था कि गोयल मंच पर आएंगे या नहीं। जब गोयल मंच पर पहुंचे, तो उनके समर्थकों में एक खुशी दिखाई दी, हालांकि उन्होंने पूरे समय तक केंद्रीय राज्य मंत्री से दूरी बनाई रखी। मंच के सामने मौजूद जनता की नजरें भी इन दोनों नेताओं की भाव-भंगिमाओं पर थी।