अब पति ने ससुराल वालों पर ठोका मुकदमा
जासं, बल्लभगढ़: गुजरात में कार्यरत मजिस्ट्रेट देवर के खिलाफ छांयसा थाने में दुष्कर्म का मुकदम
जासं, बल्लभगढ़: गुजरात में कार्यरत मजिस्ट्रेट देवर के खिलाफ छांयसा थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला के मायके वालों पर उसके पति ने मारपीट का आरोप लगाया है। पति की शिकायत पर छांयसा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली छठीकरा निवासी महिला के पति का आरोप है कि 11 मार्च को वह अपने परिवार के सदस्यों के संग गांव नरियाला अपनी ससुराल आया था। ससुराल के नौ सदस्यों ने योजनाबद्ध तरीके से उसके व परिवार के सदस्यों के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। जमकर मारपीट की। उन्हें काफी चोटें लगी हैं। जान से मारने की धमकी भी दी।
गांव नरियाला निवासी महिला की शादी सात साल पहले नई दिल्ली छठीकरा निवासी युवक से हुई थी। उनका एक बच्चा है। महिला का देवर गुजरात में मजिस्ट्रेट है। महिला ने आरोप लगाया कि देवर ने 27 जनवरी को दिल्ली में घर पर उससे दुष्कर्म किया था। इसकी जानकारी उसने अपने भाई को दी। जिसके बाद भाई उसे घर ले आया था। महिला का आरोप है कि 11 मार्च को उसका पति, देवर व अन्य लोग घर आए थे। वे उसे अपने साथ दिल्ली ले जाने के लिए अड़े हुए थे, पर वह उनके साथ जाना नहीं चाहती। इस बात पर उन्होंने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान पड़ोसी भी आ गए। पड़ोसियों ने जैसे-तैसे उनसे छुड़ाया था। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।