कोरोना : नौ हजार लोगों के स्वास्थ्य की जुटाई जानकारी
ग्रीनफील्ड कॉलोनी से कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामले आने बाद स्वास्थ्य विभाग ने डोर टू डोर सर्वे अभियान चलाया गया है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : ग्रीनफील्ड कॉलोनी से कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामले आने बाद स्वास्थ्य विभाग ने डोर टू डोर सर्वे अभियान चलाया। इसके तहत ग्रीनफील्ड कॉलोनी में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा लोगों को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ आरडब्ल्यूए भी सक्रिय है। आरडब्ल्यूए ने घर पर आवश्यक सामान पहुंचाने की व्यवस्था की है।
जिले में कोरोना के 14 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से पांच मामले अकेले ग्रीनफील्ड कॉलोनी से हैं। यहां पर दो परिवारों के पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.रामभगत ने बताया कि आशा वर्कर और एएनएम की मदद से ग्रीनफील्ड कॉलोनी में डोर टू डोर सर्वे कराया गया है। यहां पर रहने वाले नौ हजार लोगों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई। कोई भी व्यक्ति बुखार, खांसी व जुकाम से पीड़ित नहीं था। लोगों से अपील की गई है कि अगर कोई समस्या होती है, तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग कॉलोनी के लोगों के स्वास्थ्य पर पूरी नजर रखे हुए है। घर पहुंचेगा आवश्यक सामान
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है। आरडब्ल्यूए प्रधान विरेंद्र भड़ाना ने बताया कि जरूरी सामान लोगों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। कॉलोनी में सब्जी, दवा, फल व घर का सामान बेचने वालों की सूची तैयारी की गई है। वह सूची सभी को उपलब्ध कराई गई है, ताकि सामान लोगों के घर पर पहुंचा सके। इससे लोगों को घर से बाहर निकलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कॉलोनी के घरेलू सहायिकाओं, गाड़ियां धोने वाले व धोबी के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।