डॉ. मुखर्जी का बलिदान सदैव प्रेरित करता है: गुप्ता
जिला भाजपा ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जासं, फरीदाबाद : जिला भाजपा ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्य कार्यक्रम फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेंद्र गुप्ता के कार्यालय पर आयोजित किया गया। विधायक गुप्ता ने स्व.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर श्रद्धा के पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने एवं देश की एकता और अखंडता के लिए उनका समर्पण और बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। डॉ.श्यामा प्रसाद का पूरे के पूरे कश्मीर के सपने को पीएम नरेंद्र मोदी हकीकत में बदलेंगे। जिला उपाध्यक्ष मूलचंद मित्तल ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि डॉ.मुखर्जी के रूप में देश को एक ऐसा दूरदर्शी नेता मिला, जिसने भारत की समस्याओं के मूल कारणों व स्थायी समाधानों पर जोर दिया। जिला महामंत्री सोहनपाल सिंह ने कहा कि डॉ.मुखर्जी ने शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में सुधार के लिए भी बहुत अभिनव कार्य किए।
भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, वजीर सिंह डागर, पार्षद सुभाष आहुजा, भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष सचिन शर्मा, कुलदीप साहनी, नीरज मित्तल और अजीत नंबरदार, गोल्डी बरेजा, सीमा भारद्वाज ने भी अपनी श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर डॉ.मुखर्जी की जयंती मनाई।
इस मौके पर ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य ब्रजलाल शर्मा के अलावा पारस जैन, अशोक शर्मा, प्रेम मदान, संजीव बैंसला, राजेश शर्मा व संजय शर्मा भी मौजूद थे।