46 करोड़ से बनेगा नेहरू कॉलेज का नया भवन
नेहरू कालेज का नया भवन 46 करोड़ में बनेगा जिसमें 15 हजार छात्रों को लाभ होगा।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद: शहर के सबसे पुराने व बड़े पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज, सेक्टर-16ए परिसर में बनने वाले नए भवन की केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और प्रदेश के उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल ने आधारशिला रखी। यह भवन लगभग 46 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनेगा। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय में भव्य, आधुनिकत तकनीक से छह मंजिला इमारत बनाई जाएगी।
इस मौके पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नेहरू कॉलेज हरियाणा का सबसे बड़ा कॉलेज है। इसमें 15 हजार सीटें विद्यार्थियों की तय की गई है और लगभग साढ़े 46 करोड़ रुपये की धनराशि से दो चरणों में भव्य इमारत का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में 7 हजार 500 सीटों के लिए इमारत बनाई जाएगी। उसके बाद पुरानी इमारत को हटाकर 7 हजार 500 विद्यार्थियों के लिए एक और नई इमारत का निर्माण किया जाएगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रीता कौशिक ने केंद्रीय राज्य मंत्री और हरियाणा के उद्योग मंत्री का यहां पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की नई इमारत के निर्माण से फरीदाबाद के विकास को नई गति मिलेगी।
इस दौरान पार्षद छत्रपाल, एसपी सुखीजा, पार्षद नरेश नंबरदार, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष बबली शर्मा, महावीर, चंदन ,बलवान शर्मा, विजय शर्मा, सुखबीर पांचाल, डॉक्टर श्याम लाल, डॉ.ओपी रावत, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल सिंह मौजूद थे।