लोहारू में खुलेंगे तीन नए मॉडल संस्कृति स्कूल: कृषि मंत्री
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए प्रदेश में 104 मॉडल संस्कृति स्कूल बनाए जाएंगे। इनमें से तीन लोहारू विधानसभा क्षेत्र में खुलेंगे।
संवाद सहयोगी, लोहारू/ बहल : प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए प्रदेश में 104 मॉडल संस्कृति स्कूल बनाए जाएंगे। लोहारू विधानसभा क्षेत्र में भी तीन मॉडल संस्कृति स्कूलों की स्थापना की जाएगी। वर्तमान में हरियाणा में मॉडल संस्कृति स्कूलों की संख्या 22 है।
कृषि मंत्री दलाल ने कहा कि सरकार द्वारा स्कूलों में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर उनमें सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार पांच बिंदुओं पर पूरी तन्मयता से कार्य कर रही है। इनमें शिक्षा, सुरक्षा, स्वावलंबन, रोजगार व स्वाभिमान शामिल हैं। सामान्य परिवार के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए अधिक संघर्ष करना पड़ता है। इसलिए उनके लिए सरकार द्वारा इन स्कूलों में अनुभवी स्टाफ व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में परिवार पहचान पत्र का डाटा तैयार कर रही है। इसमें प्रदेश के सभी परिवारों की शैक्षणिक योग्यता, आमदनी सभी अन्य सामाजिक मूल्यांकन शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 5 से 15 साल की आयु के कितने बच्चे शिक्षा से वंचित हैं, उनका रिकार्ड बनाकर उनकी शिक्षा का प्रबंध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए परिवार पहचान पत्र कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2020 को सुशासन संकल्प वर्ष के रूप में मना रही है। सरकार प्रदेश में हर क्षेत्र से भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था कायम करना चाहती है।
स्थानीय विधायक ने कहा कि कोविड-19 महामारी पूरे विश्व के सामने नए चैलेंज लेकर आई है। धीरे-धीरे लोगों ने अपनी जीवनशैली में बदलाव लाना शुरू कर दिया है। लोग मास्क लगा रहे हैं, शारीरिक दूरी की पालना कर रहे हैं। सामाजिक कार्यों में अधिक भीड़ इकट्ठी नहीं कर रहे। ऑनलाइन व्यवस्था तेजी से आगे बढ़ी है। किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपनी फसल का विवरण दे रहे हैं।