नौतपा शुरू होने से पहले तापमान पहुंचा 45 पार
जागरण संवाददाता भिवानी नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। लेकिन भिवानी अभी से तपने लगा है।
जागरण संवाददाता, भिवानी : नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। लेकिन भिवानी अभी से तपने लगा है। शनिवार को लू थपेड़ों ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया। पार्कों में भी कईयों ने छांव ढूंढी और पेड़ों के नीचे आराम फरमाते नजर आए। इसके अलावा लोगों ने नहर में नहा कर भी झुलसती गर्मी से राहत पाने का प्रयास किया। बाजारों पर भी गर्मी का असर दिखा और लोग खरीददारी के लिए बहुत कम घरों से बाहर निकले। शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नहर में नहा कर गर्मी की तपिश से बचते दिखते युवा
शहर के समीप जूई फीडर नहर में कई युवा गर्मी की तपिश मिटाने के यहां पहुंच गए और नहाने लगे। घंटों नहर में नहाते युवाओं का कहना था कि क्या करें गर्मी ने बुरा हाल कर दिया था इसलिए सोचा थोड़ी देर नहर में नहा लेते हैं। नहर में नहाने से गर्मी मिटाने की बात ही अलग है। पार्कों में पेड़ों की छांव में आराम करते दिखे नागरिक
शहर के पार्कों में हुडा पार्क, चौ. बंसीलाल पार्क और नेहरू पार्क में युवाओं के अलावा कई महिलाएं भी दोपहर में पार्क में आराम फरमाते नजर आए। कईयों ने बताया कि बिजली थी नहीं इसलिए सोचा चलो पार्क में खुली हवा में बैठ कर गर्म दुपहरी का समय पास कर लेते हैं। अधिकतम 45 और न्यूनतम 30 डिग्री रहा तापमान
वार अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस
शनिवार 45 30
रविवार 45 29
सोमवार 46 30
मंगलवार 47 28
बुधवार 46 28
बृहस्पतिवार 43 28
शुक्रवार 42 26