शाम को बादल छाने से गिरा तापमान
वीरवार को दोपहर बाद दादरी जिले में तेज हवाएं आंधियां चलने
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : वीरवार को दोपहर बाद दादरी जिले में तेज हवाएं, आंधियां चलने, शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहने तथा वर्षा की संभावना होने के चलते मौसम एक बार फिर करवट लेता दिखाई दिया। मौसम के बदले मिजाज से तापमान में भी कुछ गिरावट आई तथा पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली।
वीरवार को दोपहर एक बजे तक दादरी जिले में अधिकतम तापमान 41 व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दोपहर तक गर्म हवाएं भी चल रही थी तथा लोग पसीने से तर बतर दिखाई दे रहे थे। दोपहर एक बजे के बाद अचानक तेज हवाएं व आंधियां चलने लगी तथा साथ-साथ आसमान में घने काले बादल भी छाने लगे थे। ऐसा लगा कि किसी भी समय तेज वर्षा हो सकती है। लेकिन शाम तक केवल बादल ही छाए रहे। इसके चलते दोपहर बाद अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे आम लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
बदले मौसम का असर दादरी नगर के बाजारों, मंडियों, सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई दिया। दोपहर तक जहां बाजारों में काफी चहल पहल थी वहीं प्रतिकूल मौसम के चलते इसके बाद शाम तक खरीददार काफी कम नजर आए। मौसम के जानकारों का मानना है कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान जिले में तेज हवाएं, आंधियां चलने के साथ-साथ कहीं मध्यम तो कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। किसानों की बढ़ी चिताएं
इन दिनों जिले की मंडियों व खरीद केंद्रों पर किसान गेहूं तथा सरसों की फसल लेकर आ रहे हैं। मंडियों में अभी तक विशेषकर गेहूं की फसल का उठान नहीं हो पा रहा है। फसलें खुले में पड़ी हुई हैं। इसी प्रकार सभी खरीद केंद्रों पर भी दूर-दूर तक गेहूं की ढेरियां दिखाई दे सकती हैं। किसानों का कहना है कि यदि थोड़ी थी तेज वर्षा हो जाती है तो गेहूं की फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। सावधानियां रखनी जरूरी : डा. गर्ग
दादरी नगर के चिकित्सक डा. अरविद गर्ग ने कहा कि इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव, हवाओं में नमी तथा तापमान में अस्थिरता के चलते कई प्रकार की संक्रामक व वायरस से जुड़ी बीमारियों का स्वाभाविक रूप से तेजी से प्रसार होता है। इसे देखते हुए हमें अपने रोजमर्रा के जीवन में खानपान, रहन सहन व स्वच्छता के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन दिनों आम लोगों को कोरोना गाइडलाइन का गंभीरता से पालन करना चाहिए। विशेषकर फेस मास्क को अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। फेस मास्क न केवल कोरोना बल्कि सभी प्रकार की वायरस से जुड़ी बीमारियों व प्रदूषण से भी निजात दिलाता है।