हरियाणा महिला कबड्डी टीम में मौका पाने को बहाया पसीना
जागरण संवाददाता भिवानी ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में
जागरण संवाददाता, भिवानी : ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में महिला खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। हरियाणा टीम में स्थान पाने के लिए पसीना बहा रही खिलाड़ियों का विशेषज्ञों ने टैलेंट जांचा। शुक्रवार को भीम स्टेडियम में हरियाणा कबड्डी टीम चयन के लिए हुई ट्रायल में प्रदेश भर की 60 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों में से 22 खिलाड़ियों के नाम सोमवार को लगने वाले कैंप के लिए चयन होंगे। ये खिलाड़ी कैंप में अभ्यास करेंगी और 20 अप्रैल से होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए इनमें से प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। ट्रायल अर्जुन अवार्डी एवं भारतीय टीम के चीफ कोच रह चुके राम मेहर सिंह की देखरेख में लिया गया। इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण ढांडा, कोच शर्मिला, कोच दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे। 20 से 22 तक होगी ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज कबड्डी चैंपियनशिप
ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज पुरुष व महिला कबड्डी चैंपियनशिप भिवानी के भीम स्टेडियम में 20 से 22 अप्रैल तक खेली जाएगी। इस चैंपियनशिप में देश भर के सरकारी विभागों के खिलाड़ी भाग लेंगे। चयनित हरियाणा की टीम का रहने खाने आदि का खर्च खेल विभाग वहन करेगा। ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रदेश भर से 60 महिला खिलाड़ी पहुंचीं
ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज महिला कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रदेश भर 60 महिला खिलाड़ी पहुंची। खेल प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों की तकनीक और दूसरी खेल संबंधी जरूरी बारीकियां जांची।
ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज पुरुष और महिला कबड्डी चैंपियनशिप के लिए ट्रायल पूरी हो चुका है। दोनों वर्गों के चयनित खिलाड़ियों के लिए अब सोमवार से भिवानी में कैंप आयोजित होगा। 20 से 22 अप्रैल तक ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज कबड्डी चैंपियनशिप भिवानी में होगी।
राम मेहर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, खेल विभाग