मुख्यमंत्री ने युवा शक्ति से किया संकल्प के साथ चरित्रवान और निडर होने का आह्वान
जागरण संवाददाता भिवानी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश भर के युवाओं को संकल्प चरित्रवान अ
जागरण संवाददाता, भिवानी : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश भर के युवाओं को संकल्प, चरित्रवान और निडरता के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बचपन और बुजुर्ग अवस्था में हम समाज से कुछ लेते ही हैं, लेकिन समाज में कुछ योगदान युवावस्था में कर सकते हैं। ऐसे में युवाओं को अशिक्षा, अस्वच्छता और गरीबी जैसी बुराइयों से लड़कर समाज में अपना योगदान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने कर्म और विशेषताओं से ही नरेंद्रदत्त 30 वर्ष की आयु में स्वामी विवेकानंद कहलाए। उन्होंने कहा कि युवा अवस्था में समाज में बदलाव लाया जा सकता है। राजगुरू, सुखदेव और भगत सिंह ने युवावस्था में ही हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा था। उन्होंने कहा कि जीवन में अनेक ऐसे मोड़ आते हैं, जब हम अपने आपको समाज हित की तरफ मोड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज व दुनिया केवल उन्हीं लोगों को याद रखती है, जो स्वयं की बजाय समाज के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अकेले की बजाय समाज को साथ लेकर चलना जरूरी है। हम समाज से बहुत कुछ लेते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान करते हुए कहा कि वे समाज में व्याप्त विभिन्न प्रकार की बुराइयों को मिटाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए एक संकल्प होना जरूरी है। इसके साथ-साथ चरित्रवान और निडरता भी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने घरों में स्वामी विवेकानंद का चित्र और उनका साहित्य रखने का आह्वान किया ताकि वे उनके जीवन से हर समय सीखते व प्रेरणा लेते रहें।
कार्यक्रम के दौरान विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित युवा दिवस कार्यक्रम का संदेश पूरे देश में घर-घर जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो से पूरी दूनिया में अपनी आवाज बुलंद की थी। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में धारण करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रवक्ता दीपमाला, कल्पना शास्त्री व राजेश शर्मा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्र अभिनव ने वीररस पर शानदार कविता की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन अनीतानाथ ने किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज, तोशाम की एसडीएम सुभीता ढ़ाका, सिवानी के एसडीएम सतबीर सिंह मान, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, तहसीलदार रमेशचंद, उप पुलिस अधीक्षक बीरेंद्र सिंह, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रताप सिंह सभ्रवाल, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. जय सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह श्योराण, सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, जिला रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर शर्मा, कोच वेद लांबा, विष्णु भगवान, सुरेश कुमार, विशालजीत तंवर, संजय दुआ, जगदीश जांगड़ा, सहित अनेक होनहार विद्यार्थी व गणमान्य नागरिकों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।