एससी मोर्चा ने नगरपरिषद में आरक्षित वार्डों की संख्या सात करने की मांग को लेकर सांसद विधायक को ज्ञापन सौंपा
नगर परिषद में अनुसूचित जाति के आरक्षित वार्डों की संख्या छह से घटा कर पांच किए जाने पर अनुसूचित जाति मोर्चा नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष अनिल सोलंकी ने सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ को ज्ञापन सौंपा।
जागरण संवाददाता, भिवानी : नगर परिषद में अनुसूचित जाति के आरक्षित वार्डों की संख्या छह से घटा कर पांच किए जाने पर अनुसूचित जाति मोर्चा नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष अनिल सोलंकी ने सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए अनिल सोलंकी ने बताया कि 2011 की जनगणना के अनुसार छह सीटें होती थी लेकिन वार्डबंदी के दौरान एक सीट कम कर दी गई। भिवानी शहर की जनसंख्या दो लाख 67 हजार 999 है तथा अनुसूचित जाति की जनसंख्या 58 हजार 515 व पिछड़े वर्ग की जनसंख्या 86 हजार 590 है और सामान्य वर्ग की जनसंख्या एक लाख 22 हजार 894 दर्शाई गई है।
गलत आंकड़े पेश कर नगर परिषद भिवानी की अनुसूचित जाति की सीटों को छह से घटाकर पांच कर दिया गया है। जनसंख्या के आधार पर अनुसूचित जातिवर्ग की सात सीटें बनती हैं। वर्ष 2015 में अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या 42 हजार 338 दर्शाई गई थी। जबकि 2021 की जनसंख्या 37024 दर्शाई गई है। इन छह वर्षों में अनुसूचित जाति समाज की जनसंख्या लगभग 5 हजार कम कर दी गई है। यह हमारी समझ से बाहर है, जबकि जनसंख्या में वृद्धि होती है। वार्डबंदी की जनसंख्या के अनुसार 2021 में 58 हजार 515 है। जिसके अनुसार अनुसूचित जाति की सीटों का बंटवारा नहीं किया गया। ऐसा करके अनुसूचित जाति के लोगों का संवैधानिक अधिकारी छीना जा रहा है। इससे अनुसूचित जाति के लोग खफा हैं। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहरलाल, सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ से नगर परिषद में अनुसूचित जाति के लिए सात सीटें आरक्षित करने की मांग की। सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ ने उनकी मांग को शीघ्र से शीघ्र पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर श्याम लाल मेघवाल, विजय कुमार सिंहमार, राजेश सोलंकी, रमेश खनगवाल, पवन मेघवाल, नरेन्द्र कुमार समेत अनेक सदस्य उपस्थित थे।