शोपिया में आतंकवादियों से मुठभेड़ में सागवान का लाल विजय शहीद
गांव सागवान के जवान विजय कुमार ने जम्मू कश्मीर में देश की सरहदों क
प्रवीण सांगवान, तोशाम : गांव सागवान के जवान विजय कुमार ने जम्मू कश्मीर में देश की सरहदों की रक्षा करते हुए अपनी जान न्यौछावर कर दी। सेना में हवलदार विजय कुमार 20 नवंबर को प्रात: 4 बजे आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में बहादुरी दिखाते हुए शहीद हो गए। शहीद विजय कुमार के भाई सतपाल ¨सह ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 4 बजे आतंकवादियों के साथ कश्मीर मे शोपिया क्षेत्र में सेना की टुकड़ी से मुठभेड़ हुई। इसमें विजय कुमार ने आतंकवादियों का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में सेना के जवानों ने कई आतंकवादियों को मार गिराया। लेकिन इस दौरान जवान विजय कुमार वीरगति को प्राप्त हो गए। उन्होंने बताया कि शहीद विजय कुमार का 21 नवंबर बुधवार को दोपहर 12 बजे पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान के शहीद होने की सूचना पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। सभी ग्रामीण अपने लाल को को खोने के गम में डूब गए।
शहीद हवलदार विजय कुमार का जन्म वर्ष 1981 में हुआ था। बारहवीं की परीक्षा पास करने के बाद विजय कुमार वर्ष 2001 में सेना की 6 पैरा रेजीमेंट में बेंगलुरू में भर्ती हुए। वर्तमान में श्रीनगर के शोपिया में कार्यरत था।
बच्चों को पढ़ाकर बड़े अधिकारी बनाने का था सपना शहीद विजय कुमार अपने पीछे पत्नी सुमन देवी तीन बच्चे बेटा मोनू व बेटी निशा, तन्नू छोड़ गए है। बेटा मोनू नौवीं कक्षा में राजस्थान के सीकर में पढ़ता है। बेटी निशा आठवीं व तनु छठी कक्षा में पढ़ती है। जवान विजय कुमार की इच्छा थी कि संसाधनों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। शहीद के बडे़ भाई सतपाल और माता पिता खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। पिता जयदयाल ने बताया कि उनके बेटे ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया है। शहीद के पार्थिव शरीर को औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके पैतृक गांव सागबन लाया जाएगा, जहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा