हरियाणा में निकाली थी अयोध्या को लेकर रथयात्रा: रामबिलास
प्रो. रामविलास शर्मा ने बरोदा चुनाव पर कहा कि बड़ौदा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी और जेजेपी दोनों गठबंधन के साथ लड़ेंगे। इस बात को पहले से ही अजय सिंह चौटाला कह चुके हैं।
जागरण संवाददाता, भिवानी : महम रोड स्थित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे स्व. ओमप्रकाश डुडी वाला के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामविलास शर्मा ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु सब ईश्वर के आधीन है। यह सब व्यवस्था परमात्मा ने हमारे शास्त्रों के अनुसार पिछले जन्म के कर्मों अनुसार निर्धारित की है। स्व. ओमप्रकाश डूडी वाला भाजपा के समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे हैं। वे बहुत ही मिलनसार व उच्च विचारों के व्यक्तित्व के धनी थे। वे गांव व शहर में होने वाले सामाजिक, धार्मिक व विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे।
इसके उपरांत पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रामविलास शर्मा ने बरोदा चुनाव पर कहा कि बड़ौदा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी और जेजेपी दोनों गठबंधन के साथ लड़ेंगे। इस बात को पहले से ही अजय सिंह चौटाला कह चुके हैं। उनका गणित बरोदा चुनाव को लेकर जीत का ही रहेगा। जींद में उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कहा था कि आपका कांटा निकाल दिया गया है, बरोदा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी अच्छी जीत हासिल करेगी।
अयोध्या में श्रीरामजन्म भूमि मामले पर अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या को लेकर उन्होंने देश- प्रदेश में रथ यात्राएं निकाली है। 1990 में उन्होंने जेल भी काटी है। इस अवसर पर सुनील शर्मा, भाजपा नेता ऋषि प्रकाश, रितिक वधवा, ताराचंद अग्रवाल, शंकर, सुनील चौहान, परमेश्वर शर्मा, राजेश शर्मा, रामअवतार शर्मा, विनोद अत्री, बबीता तंवर, देवा, दशरथ सिंह, नवीन कौशिक, सुंदर अत्री उपस्थित थे।