विवाहिता को जबरन खिलाया जहरीला पदार्थ
गांव खरक निवासी एक विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी न किए जाने पर अपने पति सहित ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर जबरन जहर देकर मारने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, भिवानी : गांव खरक निवासी एक विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी न किए जाने पर अपने पति सहित ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर जबरन जहर देकर मारने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है। महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। खरक पुलिस ने महिला के बयान पर उसके पति, सास व देवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कस्बा बौंद निवासी दीपाली ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि उसकी शादी 16 अप्रैल 2019 को गांव खरक निवासी अमित के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने काफी दानदहेज दिया, लेकिन दान दहेज कम मिलने से असंतुष्ट ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे तंग करना शुरू कर दिया। उसका पति, सास व देवर आए दिन उसके साथ मारपीट करते। उसने आरोप लगाया कि उसका पति व ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करने लगे तो उसने शनिवार को फोन कर अपने परिजनों के बताना चाहा। इस पर गुस्साएं पति, सास व देवर उसे एक कमरे में खिच कर ले गए। वहां पर पहले उसे बुरी तरह से पीटा और उसके बाद उसके मुंह में जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिस कारण उसकी हालत बिगड़ गई। उसे बाद में हौश आया तो वह शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल थी। घटना की सूचना मिलने पर खरक कलां पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस ने उसके बयान पर उसके पति, सास व देवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।