किसानों के खातों में पहुंची पीएम फसल बीमा योजना की राशि
रबी सीजन के दौरान जिले में कई बार ओलावृष्टि हुई थी। जिसस
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : रबी सीजन के दौरान जिले में कई बार ओलावृष्टि हुई थी। जिससे किसानों द्वारा लगाई गई फसलों विशेषकर सरसों को काफी नुकसान हुआ था। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का बीमा करवाने वाले किसानों को नुकसान के बदले मुआवजा राशि मिलनी शुरू हो चुकी है। अब तक सैकड़ों किसानों को एक करोड़ से अधिक की मुआवजा राशि मिल चुकी है। बचे हुए किसानों के खाते में मुआवजा राशि आनी बाकी है।
उल्लेखनीय है कि रबी सीजन के दौरान दिसंबर माह से लेकर मार्च माह के बीच कई बार ओलावृष्टि हुई थी। जिससे बाढड़ा, कादमा, दादरी, बौंद इत्यादि क्षेत्रों में फसलों को काफी नुकसान हुआ था। जिसके चलते फसलों का बीमा करवाने वाले किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय पहुंचकर नुकसान का क्लेम फार्म जमा करवाया था। जिसके बाद कृषि व राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन किया गया था। जिसमें फसलों को 80 फीसद तक नुकसान पाया गया था। तीन बार हुई थी ओलावृष्टि
दादरी जिले में दिसंबर से मार्च तक तीन बार ओलावृष्टि हुई थी। पहली बार 12-13 दिसंबर की रात को बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि से जिले के 54 गांवों में फसलों को 80 फीसद तक नुकसान हुआ था। उसके बाद 29 फरवरी को ओलावृष्टि से 13 गांवों में 25 फीसद व 6 मार्च को हुई ओलावृष्टि से 12 गांवों में फसलों में कृषि विभाग द्वारा 25 फीसद नुकसान आंका गया था। 1791 किसानों के खाते में पहुंची राशि: सुशील
दादरी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सांख्यिकी सहायक सुशील शर्मा ने कहा कि बीते रबी सीजन में जिन किसानों ने फसलों का बीमा करवा रखा था उन किसानों की फसलों में नुकसान होने पर बजाज इंश्योरेंस कंपनी द्वारा किसानों के खातों में मुआवजा राशि डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक जिले के 1791 किसानों के खातों में एक करोड़ 4 लाख 51 हजार 330 रुपये की मुआवजा राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी और मुआवजा राशि किसानों के खातों में आनी है लेकिन अभी तक उनके पास इससे संबंधित सूची नहीं आई है। सुशील ने बताया की खरीफ सीजन 2019 में हुए नुकसान के बदले बीमा कंपनी द्वारा 11297 किसानों को करीब 25 करोड़ की मुआवजा राशि दी गई है।