जल्द चालू होगी प्लाज्मा तैयार करने की मशीन, विधायक सर्राफ ने किया अस्पताल का निरीक्षण
जागरण संवाददाता भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ ने सामान्य अस्पताल का निरीक्षण किया और सफाई
जागरण संवाददाता, भिवानी : विधायक घनश्याम सर्राफ ने सामान्य अस्पताल का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था जांची। वार्डों के निरीक्षण के दौरान महिला मरीजों से पूछा कि बीमारी का इलाज ठीक हो रहा है, कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। विधायक सर्राफ ने अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष जताया और जिस वार्ड में वे गए, उन्होंने उसी वार्ड में मरीजों को फल वितरित किए। साथ ही उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को पूरा करवाने तथा अस्पताल में रखी प्लाजमा तैयार करने की मशीन को शीघ्र चालू करवाए जाने का भरोसा दिलाया। 11 बजे विधायक घनश्याम सर्राफ सामान्य अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। ब्लड रखने की व्यवस्था के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। उसके बाद विधायक चिकित्सकों की टीम के साथ सामान्य वार्ड पहुंचे। वहां पर मरीजों का हालचाल जाना, जच्चा बच्चा वार्ड में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। करीब एक घंटे तक अस्पताल का निरीक्षण किया।
मौके पर उन्होंने सफाई व्यवस्था भी जांची। इस दौरान अस्पताल की पूरी टीम उनके साथ रही।
सामान्य अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 88 प्रतिशत चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। साथ ही अस्पताल में रखी प्लाज्मा डोनेट करने की मशीन जल्द शुरू करवाई जाए।
जिस पर विधायक सर्राफ ने तत्काल इन मांगों पर संबंधित विभाग के मंत्री व सीएम से बातचीत कर हल करवाए जाने का आश्वासन दिया। सीएमओ डा. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि सोमवार को विधायक घनश्याम सर्राफ ने सामान्य अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएं, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाएं किस तरह बेहतरीन की जा सकती है। इस पर भी विचार किया।