छह साल में 600 पौधे लगाकर दो श्मशान घाटों को बना डाला हरा-भरा
सोहांसड़ा निवासी महेंद्र सिंह ने छह वर्षों में करीब 600 पौधे लगाकर तथा नियमित रूप से उनकी सेवा करके गांव के दोनों श्मशान घाटों को हरा-भरा बना डाला।
संवाद सहयोग, लोहारू : सोहांसड़ा निवासी महेंद्र सिंह ने छह वर्षों में करीब 600 पौधे लगाकर तथा नियमित रूप से उनकी सेवा करके गांव के दोनों श्मशान घाटों को हरा-भरा बना डाला। महेंद्र सिंह एवं उनके साथियों ने रविवार को भी श्मशान घाट में पीपल का पौधा लगाया। रविवार को श्मशान घाट में पीपल का पौधा लगाते हुए महेंद्र सिंह, सुक्रमपाल, राजपाल, विकास तथा जोगेंद्र ने बताया कि पौधों के प्रति प्यार उन्हें श्मशान घाट की पवित्र भूमि तक ले आया। अकसर लोग यहां आने से डरते हैं। लेकिन उन्होंने सोहांसड़ा के दोनों श्मशान घाटों में पौधे लगाकर रोजाना पानी देकर बड़ा करने का निर्णय लिया। पशुओं से बचाने के लिए उन्होंने उनकी सुरक्षा की। आज दोनों श्मशान घाट सैकड़ों पौधों से लहलहा रहा है।