36वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पीयूष ने ऊंची कूद में जीता स्वर्ण
जागरण संवाददाता भिवानी गांव खरक कला के होनहार खिलाड़ी पीयूष सिंह परमार ने भिवानी में
जागरण संवाददाता, भिवानी : गांव खरक कला के होनहार खिलाड़ी पीयूष सिंह परमार ने भिवानी में हरियाणा का नाम रोशन करते हुए गुवाहाटी असम में आयोजित 36वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऊंची कूद अंडर 20 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। पीयूष सिंह परमार का भिवानी पहुंचने पर गांव खरक में स्वागत किया गया। पीयूष के ताऊ मुकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीयूष बचपन से ही खेल में गहरी रूचि रखता है। इससे पूर्व 18वीं नेशनल फेडरेशन कप जूनियर अंडर 20 में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाग लेते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। भोपाल में पीयूष ने 2.5 मीटर ऊंची कूद की थी। गुवाहाटी में अपने ही रिकॉर्ड को आगे बढ़ाते हुए पीयूष ने 2.8 मीटर की ऊंची कूद उपलब्धि के लिए अपने पिता संजय सिंह परमार व माता कुसुम देवी को श्रेय देता है। पीयूष के अनुसार उसके माता-पिता ने हमेशा उसे खेलों के लिए प्रस्थान दिया। पीयूष के ताऊ मुकेश सिंह ने बताया कि वह अब सीनियर नेशनल की तैयारी कर रहा है और भविष्य में उसका लक्ष्य ऊंची कूद में भारत का प्रतिनिधित्व ओलंपिक खेलों में करने का है जिसके लिए वह दिन रात मेहनत कर रहा है। पीयूष की उपलब्धि से ग्रामीणों में क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।