होटल पर खाना खाने के लिए कंटेनर से उतर रहे चालक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत
गांव तिगड़ाना मोड़ के समीप खाना खाने के लिए रविवार रात को अपना क
जागरण संवाददाता, भिवानी : गांव तिगड़ाना मोड़ के समीप खाना खाने के लिए रविवार रात को अपना कंटेनर रोक कर खिड़की से नीचे उतर रहे एक चालक को अज्ञात वाहन कुचल कर फरार हो गया। राहगीरों ने घायल चालक को सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक चालक आगरा का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई के बयान पर कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आगरा के गांव पूरा खरकजीत निवासी भगवान सिंह ने बताया कि उसका भाई वीरेंद्र अंबाला की ट्रांसपोर्ट कंपनी में कंटेनर चालक था। उसने बताया कि अंबाला से माल लेकर महाराष्ट्र गया हुआ था। वहां से भिवानी होते हुए वापस अंबाला आ रहा था। रविवार रात को वह अपना कंटेनर रोक कर खाना खाने के लिए भिवानी के तिगड़ाना मोड़ के समीप खिड़की खोल कर नीचे उतर रहा था। इसी दौरान अचानक अज्ञात वाहन तेज रफ्तार से उसे कुचलकर फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने चालक वीरेंद्र को सरकारी एंबुलेंस से सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने बताया कि 33 वर्षीय वीरेंद्र के तीन बच्चे है।