सीबीएलयू में श्रम कल्याण पर हुई एक दिवसीय कार्यशाला
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग द्वारा श्रम कल्याण में फील्ड वर्क के स्कोप शीर्षक पर एक दिवसीय वेबिनार का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, भिवानी : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग द्वारा श्रम कल्याण में फील्ड वर्क के स्कोप शीर्षक पर एक दिवसीय वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कार्यक्रम संरक्षक प्रो.राज कुमार मित्तल के नेतृत्व, कुलसचिव व कार्यक्रम सह-संरक्षक डा. जितेंद्र कुमार भारद्वाज सहित समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. विकास कुमार के संयोजन में किया गया। वेबिनार में राष्ट्रीय स्तर से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुलसचिव डा. जितेंद्र भारद्वाज ने वेबिनार के मुख्य अतिथि एवं भारतीय मजदूर संघ के संगठन मंत्री पवन कुमार, टोयोटा किर्लोस्कर हुबली के एचआर प्रोफेशनल अजीत एम कुलकर्णी, केएलएस गोगटे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बेलगावी के प्रोफेसर डा. कृष्णा शेखर लाल दास का स्वागत किया।
कुलपति ने इस वेबिनार को सोशल वर्क प्रेक्टिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बताया कि ग्लोबलाइजेशन के दौर में श्रमिकों की आजीविका व जीवन स्तर पर अत्यधिक असर पड़ा है। देश की जीडीपी की वृद्धि श्रमिकों से सीधे तौर पर संबंधित है, अत: श्रमिकों का कल्याण अत्यधिक महत्वपूर्ण है जिसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधुनिक तकनीक आते हैं। भारतीय मजदूर संघ के संगठन मंत्री पवन कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष में आयोजित वेबिनार के माध्यम से श्रम कल्याण से संबंधित मुद्दों और श्रमिकों के समक्ष चुनौतियों एवं उनके कल्याण के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए।
अजीत एम कुलकर्णी ने स्कोप ऑफ फील्ड वर्क प्रेक्टिस इन लेबर वेलफेयर सेटिग के संदर्भ में विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोफेशनल सोशल वर्कर्स के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और गुणों से अवगत करवाया ताकि संबंधित क्षेत्रों में कार्य स्थलों को सभी कर्मियों के लिए अनुकूलित बनाया जा सके।
डा. कृष्णा शेखर लाल दास ने नए प्रस्तावित श्रम बिल और मजदूरों के राइट के प्रोटेक्शन के संदर्भ में अपने विचार विस्तार पूर्वक रखे। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में लेबर वेलफेयर की भूमिका को स्पष्ट किया तथा श्रम कानून, कलेक्टिव बारगेनिग, ट्रेड यूनियन, इंडस्ट्रियल रिलेशन एवं सेफ्टी स्टैंडर्ड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वेबिनार का मंच संचालन वेबिनार के आर्गेनाइजिग सेक्रेटरी डा. मूल राज द्वारा किया गया। वेबिनार में समाज कार्य विभाग के सहायक प्रोफेसर जितेंद्र कुमार, प्रियंका वेद, मोनिका मान, एवं अजय पाल सिंह आदि मौजूद थे।