छठा पांडव के बाद नया विश्व रिकार्ड बनाएगा रक्तरंजित मयूर पंख
जागरण संवाददाता, भिवानी: छटा पांडव के बाद रंगकर्मी रोहित कौशिक एक बार फिर से नया क
जागरण संवाददाता, भिवानी:
छटा पांडव के बाद रंगकर्मी रोहित कौशिक एक बार फिर से नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। इस बार उन्होंने रंगमंच की दुनिया में नया रिकार्ड बनाने के लिए संघर्ष की धरती कुरुक्षेत्र को चुना है। भिवानी निवासी रंगकर्मी रोहित कौशिक दक्षिण भारतीय कई फिल्मों में किरदार निभा चुके हैं और सुपर स्टार अर्जुन के साथ उनकी फिल्म 14 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। प्रेमा बरहा तेलगु सुपर स्टार अर्जुन के साथ रोहित ने सरदार की भूमिका निभाई है और पहली बार वे विलेन से हटकर कॉमेडी करते दिखाई देंगे।
दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में रोहित ने बताया कि वे मार्च माह में कुरुक्षेत्र में रक्तरंजित मयूर पंख के माध्यम से 100 घंटे की सोलो परफॉर्मेस देने का बीड़ा उठाने जा रहे हैं। लगातार इतने लंबे समय तक आज तक किसी भी कलाकार ने सोलो परफॉर्मेंस नहीं दी है। वे अपने ही लिम्का बुक आफ द रिकार्ड का रिकार्ड सुधारने की तैयारी में हैं। उन्होंने इससे पहले फतेहाबाद में 2009 में छठा पांडव 30 घंटे की सोलो परफॉर्मेस दी थी। महाभारत के करण के जीवन पर आधार छटा पांडव की परफोरमेंस की वजह से उन्होंने लिम्का बुक आफ द रिकार्ड बनाने में कामयाबी हासिल हुई थी।
विशेष बातचीत में रोहित बताते हैं कि रक्तरंजित मयूर पंख भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित सोलो नाटक है। इसमें गोपाल के द्वारिकाधीश बनने तक की अनकही यात्रा का सारांश पेश किया जाएगा।
वे बताते हैं कि कुरुक्षेत्र को स्थान चुनने की वजह यह है कि भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अपना विराट स्वरूप अर्जुन को दिखाया था। यह विराट प्रस्तुति उन्हीं के श्रीचरणों में प्रस्तुत करने के लिए ही इस धर्मक्षेत्र को चुना गया है।
रोहित कौशिक अभी तक बॉलीवुड व साउथ की करीब एक दर्जन फिल्मों में काम कर चुके हैं। इनमें बाघा, सोलीविडावा, थ्री, धर्म, मंथन, शाकुंतलम,ओ नेगेटिव सहित कई चर्चित फिल्में हैं। प्रेम बरहा फरवरी माह में रिलीज होगी।